पावर हाउस रोड स्थित दुकान में पतरा काटकर घुसे चोर दो बाउंस चेक ले गए। दुकान के गल्ले में रखी नकदी और पूजा स्थान पर रखे आभूषण सुरक्षित मिले। दराज के ताले तोड़ने के लिए उपयोग किया पेचकस चोर दुकान में ही छोड़ गए। स्टेशन रोड थाने में प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार चोरी पावर हाउस रोड स्थित लोहे की चद्दर-एंगल की दुकान पी.चौरडिय़ा एंड कंपनी में हुई। दुकान संचालक प्रतीक चौरडिय़ा ने बताया शनिवार सुबह 8.30 बजे छोटे भाई रोहित ने दुकान खोली तब चोरी का पता चला। दुकान के पीछे पतरा काटकर घुसे चोरों ने काउंटर की दराजों के ताले तोड़कर तलाशी ली और दस्तावेज बिखेर दिए। गल्ले में रखे रुपए और पूजा स्थान पर लगा चांदी का छत्र और आभूषण सुरक्षित मिले हैं। प्रतीक ने बताया कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा भुगतान के लिए दिए गए दो चेक बाउंस होने पर बुधवार को न्यायालय में वाद दायर किया है। दुकान की तलाशी लेकर चोर बाउंस हुए दोनों चेक ले गए। मामले की जांच कर रहे एएसआई केसरसिंह यादव ने बताया संदेही समता परिसर निवासी सुनील मेहता से पूछताछ की जाएगी।