वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया ने कहा है कि सिंचाई परियोजना में डूब में आने वाली जमीन के मालिक चिंता नहीं करें, राज्य सरकार की पुनर्वास नीति उदार है। वित्त मंत्री श्री मलैया आज दमोह जिले के ग्राम बड़ीयाऊ में 315 करोड़ रुपये लागत की सतधारु मध्यम सिंचाई परियोजना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस सिंचाई परियोजना से करीब 7 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी।
वित्त मंत्री ने बताया कि सतधारु मध्यम सिंचाई परियोजना की ऑनलाइन स्वीकृति प्राप्त हो गई है। जल्द ही टेण्डर की कार्यवाही की जाएगी। इस सिंचाई परियोजना से दमोह जिले की तस्वीर बदल जाएगी। पंचम नगर सिंचाई परियोजना की चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि जब यह योजना पूरी होगी, तो 25 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई होगी। कार्यक्रम में बताया गया कि सतधारु सिंचाई परियोजना में बनने वाले बाँध की ऊँचाई 755 मीटर होगी। कार्यपालन यंत्री ने बताया कि इस परियोजना में नहरों की बजाए पाइप के माध्यम से सिंचाई होगी। योजना को 3 साल में पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक श्री लखन पटेल भी मौजूद थे।