राजनीतिक इच्छाशक्ति से 2022 तक रतलाम को इंदौर से बड़ा व्यापारिक केंद्र बनाया जाएगा। रतलाम की सामाजिक समरसता, भौतिक और आर्थिक सभी तरह का विकास हमारा लक्ष्य है। शहरवासी पूरी तरह आश्वस्त रहें कि रतलाम का अब चौतरफा विकास होगा।

यह बात राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष व विधायक चेतन्य काश्यप ने अपने निवास पर आयोजित सर्वसमाज के दीप मिलन समारोह में कही। उन्होंंने कहा अहिंसाग्राम की स्थापना कर राजनीति में आया तो मेरा ध्येय मकान को केंद्र बनाकर गरीबी मिटाने का रहा। रतलाम में ही एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया था और खुशी का विषय है कि पिछले साल प्रदेश में आवास का अधिकार दे दिया गया। रतलाम में 10 से 12 हजार मकानों की जरूरत है और अब तक 6 हजार मकान की स्वीकृति हो चुकी है।

पिछले साल लोकसंत आचार्य जयंतसेन सूरीश्वरजी के चातुर्मास आयोजन का अवसर उनके परिवार को मिला और इसमें नगर के सभी समाज जुड़े। जनता ने उन्हें शहर के सर्वांगीण विकास की जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरा किया जाएगा। रतलाम मेडिकल कॉलेज, रतलाम- खाचरौद मार्ग, रतलाम बांसवाड़ा मार्ग, नया कलेक्टोरेट भवन, महिला-शिशु स्वास्थ्य इकाई, नमकीन क्लस्टर, गोल्ड कॉम्प्लेक्स के साथ शहर की अवैध कॉलोनियों के विकास का ताना-बाना बुना है। भाजपा जिलाध्यक्ष कानसिंह चौहान ने भी संबोधित किया। संचालन राजकमल जैन ने किया। समाजजन ने काश्यप का अभिनंदन किया।