नई दिल्ली: शिमला दौरे पर गई कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पेट में परेशानी होने के बाद आज दिल्ली लौट आईं और उन्हें सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चेयरमैन (प्रबंधन बोर्ड) डी एस राणा ने बताया कि 70 वर्षीय सोनिया गांधी डॉक्टरों की देखरेख में हैं। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी को आज शाम पांच बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पेट में परेशानी थी और निगरानी रखने के लिए उन्हें भर्ती किया गया है।वहीं कांगेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सोनिया गांधी की तबीयत अब ठीक है। उन्होंने लिखा कि चिंता करने की कोई बात नहीं, संवेदना दिखाने के लिए आप सब लोगों का धन्यावाद।
सूत्रों के अनुसार सोनिया को शिमला से एक एयर-एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। वह छुट्टी मनाने शिमला गई थी। सोनिया को शिमला से वापस लाने के लिए अस्पताल के डाक्टरों के एक दल को भेजा गया था। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है। सोनिया गांधी की पिछले कुछ सालों में कई बार तबीयत खराब हो चुकी है। इसी वर्ष 8 मई को भी उन्हे फूड प्वाइजनिंग के चलते सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले साल बनारस में एक चुनावी रैली के दौरान भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।