Italian Prime Minister Paolo Gentiloni talks to the media at Chigi Palace in Rome, Italy April 7, 2017. REUTERS/Remo Casilli

इटली के प्रधानमंत्री पावलो जेंतिलोनी 30 अक्तूबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। इस दौरान दोनों पक्ष द्विपक्षीय राजनीतिक एवं आर्थिक संबंध को मजबूत करने पर गौर करेंगे। इस यात्रा की घोषणा करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि इटली के किसी प्रधानमंत्री की यात्रा एक दशक से भी अधिक समय बाद हो रही है।

किसी इतालवी प्रधानमंत्री की पिछली यात्रा फरवरी 2007 में हुई थी। कुमार ने कहा, ‘‘इस यात्रा का लक्ष्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय राजनीतिक एवं आर्थिक संबंध मजबूत बनाना है। ’’ इस यात्रा के दौरान इतालवी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत यहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे।

दो इतालवियों मरीन लातोर मैस्सिमिलियानो और साल्वातोरे गिरोने को केरल में 2012 में दो भारतीय मछुआरों की कथित रुप से हत्या करने को लेकर गिरफ्तार किए जाने के बाद भारत और इटली के संबंध बहुत प्रभावित हुए थे दोनों हेग में पंचाट अदालत के लंबित फैसले के आलोक में इटली में हैं।

इस प्रकरण का यूरोपीय संघ के भारत के साथ संबंध पर भी असर पड़ा। विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों देशों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के बीच एक बैठक की योजना बनाई जा रही है। इटली यूरोपीय संघ में भारत का पांचवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच 2016-17 में 8.79 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था।