दीपिका पादुकोण की नाक काटने की धमकी और उन पर पांच करोड़ का इनाम रखे जाने के बाद अब ऐसी ही एक और घोषणा हुई है. अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (एबीकेएम) ने अब दीपिका को जिंदा जलाने वाले को एक करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा की है.
फिल्म पद्मावती की रिलीज का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. आखिरकार निर्माताओं को फिल्म की रिलीज डेट टालनी पड़ी. देश के विभिन्न हिस्सों में इस फिल्म का विरोध हो रहा है. बरेली में संजय लीला भंसाली और दीपिका पादुकोण का पुतला जलाए जाने के बाद अब अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष भुवनेश्वर सिंह ने घोषणा की कि यदि कोई दीपिका पादुकोण को जौहर कराता है तो उसे एक करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा.
भुवनेश्वर सिंह ने कहा कि वे दीपिका पादुकोण को यह अहसास कराना चाहते हैं कि जब रानी पद्मावती ने अपने राजवंश के लिए जौहर किया था तो कैसा लगा था. इसके बाद दीपिका पद्मावती का रियल कैरेक्टर जानेंगी. बता दें कि इससे पहले क्षत्रीय समाज भंसाली और दीपिका के सिर पर पांच करोड़ रुपए का इनाम रख चुका है.
लगातार कई संगठनों के विरोध का सामना कर रही फिल्म पद्मावती के मेकर्स ने आखिरकार इस फिल्म की रिलीज को स्थिगत कर दिया है. वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 1 दिसंबर 2017 को रिलीज होने जा रही फिल्म पद्मावती को स्थगित किया गया है.