उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल जोशी का आज यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हृदय के वाल्व में संक्रमण के चलते निधन हो गया। वह 82 साल के थे। कई राज्यों के राज्यपाल रहे पूर्व पुलिस अधिकारी जोशी को 20 दिन पहले इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के एक सूत्र ने कहा, ‘‘आज शाम एम्स की हृदय संबंधी गंभीर चिकित्सा देखभाल इकाई में उन्होंने अंतिम सांस ली। करीब दस साल पहले उनके हृदय में वाल्व बदले गए थे। उनके संक्रमित हो जाने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था। वह सेप्टिक शाक (उसी संक्रमण के फलस्वरूप होने वाले हृदयाघात) से चल बसे।’’ जोशी के आखिरी क्षण में उनका पूरा परिवार उनके पास था। वह 2009-2014 तक उत्तर प्रदेश के राज्यपाल थे। उससे पहले वह 2004-2007 तक दिल्ली के उपराज्यपाल रहे थे। उन्होंने मेघालय एवं उत्तराखंड में राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं थीं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल जोशी के निधन पर आज दुख जताया और कहा कि वह राजस्थान के एक सच्चे सुपुत्र थे। राहुल ने ‘Tweet’ किया, ‘ बी.एल. जोशी के निधन से काफी दुखी हूं। वह राजस्थान के सच्चे सुपुत्र थे। उनकी कमी काफी खलेगी।’’
उत्तराखंड के राज्यपाल डा. कृष्णकांत पाल ने प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बी.एल. जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। जोशी अक्तूबर, 2007 से जुलाई, 2009 तक उत्तराखंड के राज्यपाल रहे हैं । यहां राजभवन से जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकसंतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बी.एल. जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि जोशी ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल से पूर्व दिल्ली के उप राज्यपाल, मेघालय तथा उत्तराखंड के राज्यपाल पद का दायित्व निभाया था। उन्होंने राज्यपाल सहित विभिन्न उच्च स्तरीय पदों पर रहते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद रखा जाएगा।