उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म ‘पद्मावत’ 25 जनवरी को सभी राज्यों में रिलीज होगी। उल्लेखनीय है कि इस फिल्म का नाम पहले पद्मावती था, जिसे बदलकर पद्मावत किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब फिल्म उन राज्यों में भी प्रदर्शित होगी, जहां इस पर राज्य सरकारों ने प्रतिबंध लगा दिया था। राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और हरियाणा की भाजपा सरकारों ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है।
इस बीच, भंसाली की फिल्म को लेकर राजपूत करणी सेना का विरोध जारी है, जबकि फिल्म को नाम में परिवर्तन और कई कट के बाद इसे सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिल गई है।
उल्लेखनीय फिल्म कथित तौर पर चित्तौड़ के राजा रावल रत्नसिंह और उनकी पत्नी पद्मावती (पद्मनी) पर आधारित है। पहले कहा गया था कि इस फिल्म में अलाउद्दीन के काल्पनिक प्रेम प्रसंग को दर्शाया गया है। इसी को लेकर राजपूत समाज को आपत्ति थी।