नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य की महबूबा मुफ्ती नीत सरकार की खिंचायी करते हुए आज कहा कि मुख्यमंत्री अपने विवेक अथवा नेतृत्व का इस्तेमाल नहीं कर सकती। अब्दुल्ला ने ट्वीट किया कि वास्तविक तथ्य यही है कि महबूबा सरकार अपने विवेक अथवा नेतृत्व से काम नहीं ले सकती । केंद्र के निर्देशों का अनुसरण भी यही सरकार कर सकती है।
उन्होंने यह प्रतिक्रिया केंद्रीय गृह मंत्री की उस घोषणा के परिप्रेक्ष्य में की जिसमें राज्य में शांति बहाल करने के दिशा में सात उपायों को अमल में लाये जाने की बात कही गई है। उल्लेखनीय है कि सिंह ने बुधवार को जम्मू कश्मीर में हालात सामान्य करने और शांति बहाली के प्रयासों के तहत सात उपायों के तहत कदम उठाये जाने की घोषणा की थी।