उत्‍कृष्‍ट उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय रतलाम में आज आयोजित प्रेरणा संवाद कार्यक्रम में विभिन्‍न स्‍कूलों के करीब 1300 विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योजना आयोग उपाध्‍यक्ष एवं विधायक श्री चेतन्‍य काश्‍यप ने कहा कि असफलता इस बात का प्रमाण है कि पूरी मेहनत के साथ प्रयास नहीं किया गया। प्रत्‍येक पराजय जीत की प्रेरणा देती है, अब प्रदेश में कोई भी विद्यार्थी धन के अभाव में भविष्‍य की लड़ाई नहीं हारेगा। मुख्‍यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना प्रत्‍येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने का सुअवसर देती है, संकल्‍प अनुशासन और दृढ़तापूर्वक की गई मेहनत जीवन की सफलता का आधार है। अपने व्‍यक्तिगत जीवन का उदाहरण देते हुए उन्‍होंने जीवन में दृढ़ संकल्‍प का महत्‍व बताया। श्री काश्‍यप ने शिक्षा के आधुनिकीकरण के लिए जिले के 16 विद्यालयों में आधुनिक स्‍मार्ट बोर्ड लगवानें की घोषणा भी की। पूर्व राष्‍ट्रपति श्री अब्‍दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए उन्‍होंने विद्यार्थियों को संकल्‍प और उत्‍साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शासन की विभिन्‍न विद्यार्थी हितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्‍होंने विद्यार्थियों को पथभ्रष्‍ट करने वाले लालचों से दूर रहने के लिए आगाह भी किया।

कार्यक्रम में कलेक्‍टर श्रीमती तन्‍वी सुंद्रियाल ने केरियर मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को भविष्‍य के विभिन्‍न अवसरों की महत्‍वपूर्ण जानकारी दी एवं विद्यार्थियों का उत्‍साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अमर कुमार वर्धानी, आर के त्रिपाठी, सीएल सालित्रा एवं संस्‍था प्राचार्य डॉ पूर्णिमा शर्मा ने अतिथियों का स्‍वागत किया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती अनिता कटारा एवं संस्‍था स्‍टाफ गिरीश सारस्‍वत, सुनील कदम, जीएच चाहत, डॉ. ललित मेहता एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। संचालन आर सी पाठक ने किया। आभार प्रदर्शन अमर कुमार वर्धानी द्वारा किया गया।