150 साल बाद लगने वाले पूर्ण चंद्रग्रहण के दिन पूरा देश भूकंप के झटकों से हिल गया। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद 12 बजकर 36 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र 37.4 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 69.6 डिग्री पूर्वी देशांतर पर अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में जमीन की सतह से 190 किलोमीटर की गहराई में था।

घरों से बाहर निकले लोग
देश की राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए जिससे लोगों में दहशत का माहौल पाया गया। मोहाली, पंचकूला और आसपास के गांवों में भी लोगों ने झटके महसूस किए। मोहाली में अफरा तफरी का माहौल है, पंचकूला में लोग सड़कों पर निकल आए हैं।

उत्तर अफगानिस्तान में 6.1 तीव्रता का भूकंप
वहीं उत्तरी अफगानिस्तान में आज शक्तिशाली भूकंप आया जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.1 मापी गई। अमेरिका जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने यह जानकारी दी। इसके झटके नई दिल्ली और इस्लामाबाद तक महसूस किए गए।