जबलपुर के गौरव जैन आज भी उस क्षण को याद कर रोमांचित हो उठते हैं, जब मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं उनके शो-रूम में आये थे। मुख्यमंत्री ने उनके फर्नीचर कारखाने में कटिंग का काम देखा और कच्चा माल आदि की जानकारी लेने के साथ ही पूछा कि मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना में ऋण लेते समय किसी स्तर पर परेशानी तो नहीं हुई? जवाब मिला कि ऋण बहुत आसानी और जल्दी मिला। अधिकारियों का भरपूर सहयोग भी मिला। मुख्यमंत्री ने 24 वर्षीय गौरव के काम की सराहना की और निरंतर तरक्की का आर्शीवाद दिया।

गौरव ने अपनी औद्योगिक इकाई लगाने के सपने को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की मदद ली है। लकड़ी का फर्नीचर बनाने के लिए करीब 44 लाख रुपये का प्रकरण जिला उद्योग की सहायता से बैंक को भेजा था। इसमें उसे 6 लाख रुपये की अनुदान सहायता भी मिली। उसने ऋण लेने के बाद अक्टूबर 2015 में जबलपुर शहर के कटंगी रोड पर मार्डन फर्नीचर इंडस्ट्री के नाम से अपना शो-रूम खोला।

युवा उद्यमी गौरव के कारखाने में कार्यालयीन उपयोग के फर्नीचर के साथ माड्यूलर किचन, वार्डरोब, पलंग और अलमारी भी बनाई जाती है। गौरव का फर्नीचर अच्छी गुणवत्ता, बेहतर डिजाइनिंग और फिनिशिंग के कारण लोगों को खूब पसंद आ रहा है। कारखाने में गौरव अन्य 10 लोगों को भी प्रतिदिन रोजगार दे रहे हैं। हर माह बैंक ऋण की नियमित किश्तें जमा करने के बाद भी गौरव को प्रति माह 50 हजार रुपये तक आमदनी हो जाती है।