पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेन्द्र पटवा ने कहा है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये राज्य सरकार पर्यटकों को अच्छी और अधिक सुविधा उपलब्ध करवाने सदैव प्रयासरत हैं। प्रदेश सरकार ने वन्य पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी केन्द्र सरकार से बजट में 99 करोड़ रूपये स्वीकृत करवाये हैं। प्राप्त बजट से गांधीसागर में पर्यटन के विकास को प्राथमिकता दी जायेगी। श्री पटवा मंदसौर जिले में झील महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ कर रहे थे। मंदसौर जिले के पर्यटन स्थल गांधी सागर में 17 से 26 फरवरी तक झील महोत्सव आयोजित किया जा रहा हैं।
श्री पटवा ने कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में 3 लाख से भी अधिक पर्यटक आते हैं। पर्यटन के क्षेत्र में किये गये सराहनीय कार्यों के लिए मध्यप्रदेश को पिछले वर्षो में देश का बेस्ट स्टेट टूरिज्म अवार्ड मिला है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रमोशन काउन्सिल एक्टिव है, जो पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। इसी काउन्सिल के द्वारा गांधीसागर में झील महोत्सव के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां की गई। मंदसौर जिले में पशुपतिनाथ मंदिर पर सांस्कृतिक प्रोग्राम के लिए प्रयास किये जायेंगे। आने वाले वर्ष में झील महोत्सव के दौरान विशेष तौर पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगे। इनमें कैलाश खैर जैसी फिल्मी हस्तियों को आमंत्रित किया जायेगा।
राज्य मंत्री ने बताया कि महोत्सव का प्रमुख आकर्षण एडवेंचर एक्टिविटीज (रोमांचक गतिविधियाँ) होंगी। इसमें एरियल (हवाई) एडवेंचर एक्टिविटीज में हॉट एअर बैलून, पैरामोटर्स, पैराग्लाइडिंग, वाल क्लाइम्बिंग, कमांडो नेट एवं रोप ड्रिल की गतिविधियों का पर्यटक आनंद ले सकेंगे। महोत्सव में काइट फेस्टिवल कार्निवाल, क्राफ्ट बाजार, फूड बाजार, इवनिंग क्रूज, इवनिंग एन्टरटेन्मेंट में म्यूजिक बैण्ड, लोक संगीत और बैण्ड के साथ कवि सम्मेलन जैसी प्रमुख गतिविधियाँ भी पर्यटको को आकर्षित करेगी। इस अवसर पर नौका दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।
श्री पटवा ने पर्यटकों के ठहरने के लिए मोडीमाता मंदीर पर निर्मित कॉटेज का अवलोकन कर महोत्सव के फोल्डर एवं सीडी का विमोचन किया। इस मौके पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत मंदसौर अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका मुकेश गिरी गोस्वामी, जिला पंचायत नीमच की अध्यक्ष श्रीमती अवंतिका, विधायक श्री चन्द्रर सिंह सिसौदिया और श्री कैलाश चावला, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री मदनलाल राठौर, पूर्व विधायक श्री राधेश्याम मांदलिया सहित पर्यटक मौजूद थे।