दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं जिनके नतीजों पर काफी हद तक युवाओं के भावी करियर का निर्माण निर्भर करता है। यही कारण है कि छात्र-छात्राएं बोर्ड्स में अच्छे नंबर लाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहते। सालभर मौज-मस्ती करने वाले छात्र भी परीक्षा शुरू होने से पहले गंभीर हो जाते हैं। परीक्षाओं से पहले और परीक्षा के दौरान कुछ सावधानी बरती जाए और विशेषज्ञों के सुझावों के अनुरूप तैयारी कर प्रश्नों के उत्तर दिए जाए तो अधिक अंक बटोरे जा सकते हैं।

ऐसे करें तैयारी
-लिखकर पढ़ाई करने से काफी कुछ याद रहता है। इसलिए पॉइंट बनाकर लिखने और पढ़ाई करने से फायदा मिल सकता है।

-सुबह के समय पढ़ाई अवश्य करें। फ्रेश दिमाग से पढाई करने पर ज्यादा समझ आता है।

-परीक्षा से पहले प्रत्येक विषय के कम से कम पांच सैम्पल पेपर्स अवश्य हल करें, हो सके तो टीचर्स से जांच भी करवा लें ताकि गलतियों के बारे में समय रहते पता चल सके।

-अगर नोट्स नहीं बनाएं हैं तो टेक्स्ट बुक्स में महत्वपूर्ण अंशों को अवश्य रेखांकित कर लें ताकि परीक्षा से पहले पुनरावृति करने में कम समय लगे।

-परीक्षा हॉल में प्रश्न पत्रों में प्रत्येक खंड में दिए गए निर्देशों को भली प्रकार से समझने के बाद लिखने की शुरुआत करें।

-प्रश्नों के अंकों के महत्त्व के अनुसार शब्द सीमा में रहकर उत्तर लिखें।

-समय प्रबंधन इस प्रकार से करें कि अंत में दस मिनट का समय पुनरावृति(रिविकान) के लिए अवश्य मिल जाए। किसी भी प्रश्न को बिल्कुल छोड़ देना समझदारी नहीं होगी, जितना भी आपको उस कांसेप्ट के बारे में पता हो अवश्य लिखें। कुछ अंक तो मिल ही जाएंगे।