समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर व सरसों की खरीदी का काम कृषि मंडी उपार्जन केंद्रों पर हो रहा है। मामले में किसानों ने अधिक वजन काटने को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।
सेमलिया हीरा निवासी पारस पाटीदार, नाहरगढ़ निवासी प्रकाश पिता नाथूलाल, सूंठी निवासी लक्ष्मीनारायण, चिकला के कन्हैयालाल सुखावत ने बताया केंद्रों में बारदान के नाम पर 900 ग्राम से लेकर 1200 ग्राम तक वजन काटा जा रहा है। सूचना पर ब्लाॅक कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंदसिंह पंवार व किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पाटीदार मौके पर पहुंचे। जब बारदान का वजन किसानों के समक्ष तौला तो 400 से 500 ग्राम के बीच था, इन्हीं बारदानों में 50-50 किलो उपज की पैकिंग की जा रही है। जबकि दोगुना तक उपज लेकर वजन काटा, इसे लेकर किसानों ने अापत्ति ली। इसी अनुपात में किसानों ने नुकसानी को लेकर आंकड़े बताए। केंद्र के अधिकारी दिनेश गुर्जर व धारासिंह ने बताया मौखिक आदेश पर सैंपल लिए जा रहे हैं। नाफेड के सहायक प्रबंधक जेपी यादव ने बताया इस संबंध में केंद्रों पर आदेश पहुंचाए जा रहे हैं।