प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह पड़ोसी देश नेपाल रवाना हो गए हैं. प्रधानमंत्री का ये दौरा दो दिन का होगा. अपने इस दौरे की शुरुआत PM मोदी जनकपुर के जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ करेंगे. बतौर प्रधानमंत्री ये नरेंद्र मोदी का तीसरा नेपाल दौरा है.

गौरतलब है कि भारतीय प्रधानमंत्री का दौरा पिछले महीने नेपाली PM केपी शर्मा ओली के भारत दौरे के बाद हो रहा है. ओली फरवरी में पद संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत आए थे. प्रधानमंत्री यहां आज जनकपुर-अयोध्या बस सर्विस को हरी झंडी दिखाएंगे. इसे रामायण सर्किट के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है.

दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने गुरुवार को बयान भी जारी किया था. उन्होंने कहा कि भारत, नेपाल के साथ दोस्ताना संबंधों को उच्च प्राथमिकता देता है.

प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के निमंत्रण पर नेपाल के अपने दौरे का जिक्र करते हुए मोदी ने रवाना होने से पहले बयान में कहा, “बतौर प्रधानमंत्री नेपाल का यह मेरा तीसरा दौरा है. यह नेपाल को लेकर भारत की उच्च प्राथमिकता और हमारे पुराने, करीबी दोस्त नेपाल के साथ निजी तौर पर मेरे जुड़ाव को दर्शाता है.”

उन्होंने बताया, ‘इस दौरे पर प्रधानमंत्री ओली और मुझे पारस्परिक हित के मुद्दों पर नई दिल्ली में हुई हालिया चर्चा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा. विभिन्न क्षेत्रों में हमारी सहकारी साझेदारी को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा.’ साथ ही उन्होंने कहा कि वह काठमांडू के अलावा तीर्थयात्रियों को आकर्षित करने वाले जनकपुर और ऐतिहासिक शहर मुक्तिनाथ भी जाएंगे.

जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे पीएम मोदी
जनकपुर एयरपोर्ट से रवाना होकर मोदी सीधा जानकी मंदिर पहुंचेंगे जहां पर उनका स्वागत प्रधानमंत्री केपी ओली करेंगे. जानकी मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी विशेष पूजा-अर्चना करेंगे, जो तकरीबन 30 मिनट तक चलेगी. जानकी मंदिर के पुजारी पंडित विश्वनाथ का कहना है कि मोदी को 12 पुजारी एक साथ पूजा-अर्चना करवाएंगे.