जिले के प्रभारी मंत्री श्री दीपक जोशी ने आज रतलाम में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के बीएलसी घटक में भवन निर्माण के अधिकार पत्रों का वितरण हितग्राहियों को एक कार्यक्रम में किया। इस अवसर पर राज्य योजना उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री चेतन्य काश्यप, श्री कान्हसिंह चौहान, निगम अध्यक्ष श्री अशोक पोरवाल, कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, श्री मनोहर पोरवाल, क्षेत्रीय पार्षद आदि उपस्थित थे। इस दौरान बजरंग नगर, ईश्वर नगर, बिरियाखेड़ी के 320 हितग्राहियों को अधिकार पत्र वितरित किए गएं।

प्रभारी मंत्री श्री दीपक जोशी ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि अपना घर मिलना सौभाग्य की बात होती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों को पक्के मकान देने की योजना संचालित की तो मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मकान बनाने के लिए जमीन दी जा रही है। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में राज्य शासन की राज्य बीमारी सहायता योजना असंगठित मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र किया। प्रभारी मंत्री ने विधायक श्री चेतन्य काश्यप की इस बात के लिए भरपुर सराहना की कि विधायक द्वारा शहर में 500 परिवारों को आवास निर्माण के लिए 25-25 हजार रुपये की व्यक्तिगत रूप से मदद देने की पहल की है।

श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि अपने मकान का मिलना जीवन के सबसे बड़े सपने का साकार होना है। गरीबी हटाना है तो सबसे पहले परिवार को उसका मकान उपलब्ध कराना पड़ेगा। इसके साथ ही परिवार में अच्छा वातावरण भी हो। उन्होंने कहा कि बजरंग नगर, ईश्वर नगर तथा बिरियाखेड़ी क्षेत्रों में 1500 मकान स्वीकृत किए गए हैं। श्री कान्हसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों के अपने घर का सपना साकार हो रहा है। यह योजना गरीबां के लिए वरदान बनकर आई है। निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का शहर में बेहद पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रारंभ में निगमायुक्त श्री एस के सिंह ने स्वागत उदबोधन दिया।