कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में बीजेपी बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है. रुझानों में बीजेपी को 106, जबकि कांग्रेस को 64 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है. जेडीएस प्लस को 45 सीटों पर बढ़त है, अन्य को 2 सीट पर बढ़त है. 224 सीटों वाली राज्य विधानसभा की 222 सीटों पर पड़े मतों की गिनती मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई.

इस बीच बदामी से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया एक बार फिर आगे हो गए हैं. जबकि चामुंडेश्वरी में अब भी पीछे हैं. वहीं देवगौड़ा के दोनों बेटे शुरुआती रुझान में आगे चल रहे हैं, जबकि वरुणा से सिद्धारमैया के बेटे आगे चल रहे हैं. मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक शुरुआती दौड़ में पीछे चल रहे हैं.

बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येदियुरप्पा शिकारीपुरा से आगे चल रहे हैं, जेडीएस के प्रमुख नेता कुमारस्वामी भी अपनी सीट से आगे चल रहे हैं और उनके भाई रेवन्ना भी बढ़त बनाए हुए हैं.

भले ही चुनाव दक्षिण भारत के इस राज्य में हैं, लेकिन पूरे उत्तर भारत सहित देशभर की नज़र इन नतीजों पर टिकी हुई है. यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न भी बन चुके हैं.

इस विधानसभा चुनाव में एक ओर जहां सिद्धारमैया और बीएस येदियुरप्पा के बीच कुर्सी की लड़ाई है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रतिष्ठा भी इससे जुड़ी हुई है.

राज्य में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है और नई सरकार के लिए जनादेश का फैसला आज की मतगणना से होना है. विधानसभा के लिए गत शनिवार यानी 12 मई को मतदान हुआ था.

40 केंद्रों पर मतगणना
मतों की गणना का काम 40 केंद्रों पर सुबह आठ बजे शुरू हुआ. शुरुआती एक-दो घंटों में ही रुझान आने शुरू हो सकते हैं. आज दोपहर बाद तक राज्य में जनादेश की स्थिति स्पष्ट होने लगेगी और देर शाम तक पता चल सकेगा कि सत्ता की चाबी किसे मिलेगी.

पार्टियों के प्रतिनिधियों के अलावा भारी तादाद में सुरक्षाबलों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि मतगणना का काम सुचारु रूप से पूरा किया जा सके. इस दौरान देश और दुनिया के तमाम संचार माध्यमों, मीडिया की नज़र इन चुनाव परिणामों पर बनी रहेगी.