श्रीनगर: जम्मू के सांबा जिले में आज तड़के अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया और चार नागरिक घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज तड़के पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए अरनिया, आरएस पुरा और सांबा सेक्टरों में मोर्टारों से भारी गोलाबारी की। इस गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया और चार अन्य नागरिक घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के भारतीय अग्रिम सैन्य चौकियों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी।
इस गोलाबारी में अरनिया में भारतीय सैन्य चौकी पर तैनात बीएसएफ जवान सीता राम उपाध्याय (28), निवासी पालीगंज, झारखंड गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय सीता राम ने अंतिम सांस ली। पाकिस्तानी गोलाबारी में आर एस पुरा,जोरा फार्म निवासी फारूक अली ,प्यारे लाल(60), रमन कुमार गुप्ता(55) निवासी तरीवा, अरनिया और हरबंस लाल निवासी तरीवा गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीएसएफ ने भी पाकिस्तानी गोलाबारी का जोरदार जवाब दिया है।
पाकिस्तानी गोलाबारी में सीमा पर दस से अधिक चौकियां और इतने ही गांव प्रभावित हुए हैं।गुरुवार को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने इसी तरह की गोलाबारी की थी जिसे देखते हुए प्रशासन ने सीमा क्षेत्र के तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूलों को आज बंद रखने के आदेश दिए थे।