मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के आगामी 26 मई को जिले में आगमन को लेकर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियां को दिशा-निर्देश दिए। जिन अधिकारियों को मुख्यमंत्री आगमन की तैयारियों के लिए दायित्व सौपे गए है, उनकी कार्य प्रगति का अपडेट लिया गया। बैठक में सीईओ जिपं श्री सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुन्देला तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि उनको सौपे गए दायित्व समय-सीमा में पूरे हो। सभी अधिकारी बाजना भी पहुंचकर अपनी विभागीय तैयारियां देख ले। रतलाम में सम्भवतः दोपहर 2:30 बजे से 3 बजे के आसपास मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित होगा। इस तेन्दुपत्ता संग्राहक, असंगठित श्रमिक सम्मेलन तथा अन्त्योदय मेले में कल्याणकारी योजनाओं के लाभ मुख्यमंत्री द्वारा वितरित किए जाएंगे। विभाग अपने हितग्राहियों की सूचियां तैयार कर लेवे। हितग्राहियों को स्थल तक लाने के लिए जिले से लेकर ग्राम स्तर तक योजनाबद्ध तैयारी तथा समन्वय रखा जाए। विभाग अपने नोडल अधिकारी नियुक्त करे। कार्यक्रम में विभागों द्वारा अपनी कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
बैठक में प्रधानमंत्री ऑफिस से विभागों को प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि जिला पंचायत की 45, एसडीएम जावरा की 33, एसडीएम रतलाम शहर की 14, शहरी विकास अभिकरण तथा एसडीएम रतलाम ग्रामीण की 10-10 शिकायतें निराकृत की जाना है। एसडीएम आलोट की 8 तथा स्वास्थ्य विभाग की 5 शिकायतें लंबित है। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को एजीएमपी की जानकारी जिला कोषालय कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।