नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान द्वारा की जा रही गोलाबारी पर कांग्रेस ने बुधवार को मोदी सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि ‘पाक की बदस्तूर जारी नापाक हरकतों’ पर आखिर ‘56 इंची सीने वाली’ मोदी सरकार कब जागेगी।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ पाक की नापाक हरकतें बदस्तूर जारी हैं। पिछले 9 दिन से लगातार पाक द्वारा गोलीबारी, 9 नागरिकों की हत्या, 3 जवान शहीद हो गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मई 2014 से 48 महीनों में जम्मू-कश्मीर में 371 जवान शहीद, 239 नागरिक मारे गये। कब जागेगी 56 इंच सीने वाली मोदी सरकार? कब रुकेगा पाक से उफऩता आतंकवाद?’’
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में इस साल अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी हैं। इस वर्ष सीमा पार से गोलीबारी की 700 से अधिक घटनाओं में 18 सुरक्षार्किमयों सहित 40 लोग मारे गए तथा कई घायल हुए हैं।