डेलनपुर भी मालवा के सहज एवं सरल किसानों का गांव है। मालवा की परम्परा सौहार्द्र और समन्वय की रही है। डेलनपुर वाले भी इस परम्परा को अक्षुण्ण रखे, किसी के बहकावे में नहीं आएं। यह बात कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम डेलनपुर की ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से जनसंवाद करते हुए कही। इस दौरान एसडीएम नेहा भारती, सीएसपी श्री विवेकसिंह चौहान, तहसीलदार श्री हिंगे, गांव के सरपंच तथा बडी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
गांव के पंचायत भवन परिसर में जनसंवाद करते हुए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि आप लोगों ने सतत् शासन का साथ दिया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान भी आपका पूरा ख्याल रखते हैं। किन्ही भी कुत्सित इरादों के व्यक्तियों की बातों में नहीं आएं। कुछ लोगों के कारण गत वर्ष आपके गांव का नाम खराब हुआ था। डेलनपुर के ग्रामीण समृद्ध कृषक हैं, सरलता, सहजता आपके स्वभाव में बसी हुई है, इसे बनाए रखे। कलेक्टर ने कहा कि डेलनपुर के युवाओं ने सब्जियां तथा दूध मुफ्त में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ऐसा समाचार पत्रों में पढ़ने को आया है। युवाओं का यह निर्णय काबिलेतारीफ है। गलत धारणा को बदलना है।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए गांव में पेयजल की स्थिति तथा विकास के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। गांव की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश एसडीएम को दिए। इस मौके पर कलेक्टर ने ग्रामीणों से सोश्यल मीडिया पर चलने वाले गलत एवं भडकाऊ संदेशों से सावधान रहने, ऐसे संदेशों को लाइक, समर्थन अथवा शेयर नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी पोस्ट पर कलेक्टर, एस.पी., एसडीएम, एसडीओपी अथवा तहसीलदार को सूचित करें या पुलिस कन्ट्रोल रूम के 100 नंबर पर भी सूचना दे सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री अमितसिंह ने भी अपने उद्बोधन में ग्रामीणों से अपील की कि किन्हीं भी उत्पाती व्यक्तियों की बातों में नहीं आएं। डेलनपुर के ग्रामीण सहयोगी, सरल और सहज स्वभाव के हैं। अपने स्वभाव के अनुरूप शांति एवं सौहार्द्र की परम्परा को बनाए रखे।