भारत सरकार विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र रतलाम आज से प्रारंभ हुआ। स्थानीय सैलाना बस स्टेण्ड मुख्य डाकघर पर आज सांसद श्री कांतिलाल भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष श्री हिम्मत कोठारी, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, आलोट विधायक श्री जितेन्द्र गेहलोत, सैलाना विधायक श्रीमती संगीता चारेल, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, चीफ पोस्ट मास्टर जनरल म.प्र. परिमण्डल श्री आलोक शर्मा क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी भोपाल श्रीमती रश्मि बघेल, निदेशक डाक सेवा इंदौर सुश्री प्रीति अग्रवाल, मण्डल रेल प्रबंधक रतलाम श्री आर.एम. सुनकर के विशिष्ठ आतिथ्य में पासपोर्ट सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया गया। इस पासपोर्ट सेवा केन्द्र की सुविधा उपलब्ध होने से रतलाम जिलो के नागरिकों को घर बैठे पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलेगी, उन्हें इंदौर, भोपाल नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर सांसद श्री कांतिलाल भूरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि रतलाम के नागरिकों को अब पासपोर्ट बनवाने में परेशानी नहीं होगी। उन्हें इंदौर या भोपाल नहीं जाना पड़ेगा। नवनिर्मित पासपोर्ट सेवा केन्द्र पर नियुक्त अधिकारी कर्मचारी सदव्यवहार के साथ यहां आने वाले आगन्तुकों को पूर्ण सहयोग देते हुए उनका काम करे। उन्होंने सम्बोधन में आसपास के अन्य जिलों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि कार्य में अधिकाधिक हिन्दी भाषा का उपयोग हो। रतलाम शहर के रचनात्मक विकास में हम सभी आकर सहयोग करे।
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री हिम्मत कोठारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पासपोर्ट बनवाने की सुविधा जिले के नागरिकों को मिली है। भारत शासन द्वारा यह सुविधा रतलाम जिला मुख्यालय तक पहुँचाने का प्रशंसनीय कार्य किया गया हैं। विधायक जावरा डा. राजेन्द्र पाण्डेय ने अपने उदबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं को पूरा किया जा रहा है। इसी अनुसार रतलाम में पासपोर्ट सेवा केन्द्र स्थापित किया गया है। उन्होंने मंदसौर तथा नीमच जिलों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रतलाम केन्द्र से जोड़ने पर जोर दिया। विधायक आलोट श्री जितेन्द्र गेहलोत ने कहा कि रतलाम जिले को पासपोर्ट सेवा केन्द्र के रूप में सौगात मिली है, अब यहां के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए इंदौर या भोपाल जाने में लगने वाले समय व राशि की बचत होगी। वहां जाने की परेशानी से भी मुक्ति मिली है। श्री गेहलोत ने अपने उदबोधन में उज्जैन जिले को भी पासपोर्ट सेवा केन्द्र की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विधायक सैलाना श्रीमती संगीता चारेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कई सुविधाएँ एवं सौगात दी जा रही है। उज्ज्वला निःशुल्क गैस कनेक्शन योजना, प्रधानमंत्री आवास से लेकर अब रतलाम को पासपोर्ट सेवा केन्द्र की सौगात मिली है। महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने अपने उदबोधन में कहा कि विकास की निरंतर श्रृंखला में पासपोर्ट सेवा केन्द्र एक ओर उपलब्धि रतलाम शहर के लिए है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल म.प्र. श्री आलोक कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि रतलाम में पासपोर्ट सेवा केन्द्र एक पूर्ण सुविधायुक्त स्थान होने के साथ ही इसका ले-आऊट डिजाईन भी बहुत अच्छे से बनाया है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पोस्ट आफि कास्वरूप भी बदल रहा है। आज के दौर में जनता की जरूरत के मुताबिक पोस्ट आफिस कार्यालय द्वारा अन्य सेवाएं भी दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। डाक विभाग का नेटवर्क अत्यंत वृहद् है। रतलाम पासपोर्ट सेवा केन्द्र से मंदसौर, नीमच जैसे जिलों को भी जोड़ने के प्रस्ताव भारत शासन को भेजे जाएंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्रीमती रश्मि बघेल ने कहा कि पासपोर्ट सेवा केन्द्र से संबंधित कोई भी नियम की जानकारी वेबसाईट पर उपलब्ध है। इसके अलावा ट्रोल फ्री नंबर से भी जानकारी ली जा सकती है। कोई भी समस्या या सुझाव वेबसाईट पर दिए जा सकते हैं। इसके पूर्व पोस्ट मास्टर जनरल इंदौर परिक्षेत्र श्री राकेश कुमार ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि रतलाम में स्थापित पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र प्रदेश का नवां पासपोर्ट सेवा केन्द्र है। अन्त में निदेशक डाक सेवा इंदौर सुश्री प्रीति अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष सुश्री यास्मीन शैरानी, अधीक्षक डाकघर श्री आर.डी. कौरव भी उपस्थित थे। संचालन सहायक अधीक्षक श्री राजेश कुमावत ने किया।