रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की बैठक आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस बैठक में जनहित में कई निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने रेडक्रास के सौजन्य से शहर में चिन्हांकित स्थानों पर धूप, बारिश से बचाव के लिए शेड बनवाने तथा बैंचें लगाने के निर्देश दिए। वृद्धाश्रम में भी कई कार्य किए जाएंगे।
अपर कलेक्टर एवं रेडक्रास समिति के सचिव डॉ. कैलाश बुन्देला, रेडक्रास सोसायटी के चेयरमेन श्री महेन्द्र गादिया, उपचेयरमेन डॉ. सुलोचना शर्मा, डॉ. निर्मल मेहता, श्री मनोहर पोरवाल, श्री सुशील मूणत, श्री प्रवीण वोहरा, श्री नीरज बरमेचा, श्री राजेश रांका, श्री अनिल झालानी, श्री कैलाश जोशी, सिविल सर्जन डॉ. दीप व्यास उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि स्थानीय वृद्धाश्रम में डे-केयर सेन्टर शीघ्र ही संचालित किया जाएगा, इसका सेटअप तैयार हो चुका है। वृद्धाश्रम के लिए आऊटसोर्सिंग से दो सुरक्षा गार्ड नियुक्त किए जाएंगे। रेडक्रास के दो पुराने वाहनों तथा अनुपयोगी सामग्री नीलाम की जाएगी। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी से वेल्यूवेशन करवाकर सामग्री पृथक-पृथक केटेगिरी में सूचीबद्ध करने के बाद नीलामी के निर्देश दिए। निर्णय लिया गया कि रेडक्रास की आजीवन सदस्यता बढ़ाने के लिए कार्य किया जाएगा। नगर के सेवाभावी लोगों को सम्मिलित किया जाएगा। निगम के 54 वार्डों से 10-10 नए लोग सम्मिलित किए जाएंगे। यह भी निर्णय लिया गया कि रेडक्रास का वर्तमान कार्यालय भवन अगर डिसमेंटल के योग्य है तो उसे ध्वस्त करके नया कार्यालय भवन बनवाया जाएगा। वृद्धाश्रम की छत से पानी टपकने के मद्देनजर छत सुधार कार्य करवाया जाएगा। जलापूर्ति के लिए नगर निगम की पाईप लाईन से नवीन कनेक्शन लिया जाएगा। जिला चिकित्सालय स्थित दवाई दुकान की मरम्मत करवाई जाएगी।
बताया गया कि जिला चिकित्सालय स्थित दवाई की दुकान से प्रदाय डायलिसिस पम्प की बकाया लगभग साढे पांच लाख रुपए की राशि का भुगतान जिला चिकित्सालय से प्राप्त करना है, कलेक्टर ने इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्रवाई की बात कही। वृद्धाश्रम के कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी का भी निर्णय लिया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने रेडक्रास के माध्यम से शहर में पांच शेड प्रथम चरण में बनाए जाने के निर्देश दिए। शेड्स में धूप, बारिश से बचाव की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही शहर के 20 स्थानों पर 2-2 सिटिंग बैंच लगाए जाने के निर्देश भी दिए। सिटिंग बैंच पार्क, मंदिर इत्यादि स्थानों पर लगाई जाएगी, जहां ज्यादा संख्या में लोग आते हैं। इसके साथ ही बैठक में वरिष्ठजनों के लिए सार्वजनिक पार्क में ओपन जिम की स्थापना, ट्रामा सेंटर की लिफ्ट मरम्मत तथा मातृ शिशु चिकित्सालय में ब्लड बैंक यूनिट की स्थापना के निर्णय भी लिए गए।