जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान 98 आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। संयुक्त कलेक्टर श्री रणजीत कुमार ने जनसुनवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं को सुना। आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश जारी किए।

जनसुनवाई में तहसील पिपलोदा के ग्राम अयाना की विधवा महिला गुड्डीबाई ने आवेदन दिया कि उसके पति की कैंसर की बीमारी से मृत्यु हो गई है। परिवार में मात्र पुत्रियां हैं। पति के उपचार पर काफी राशि वहन करना पड़ी। इसका कारण उसकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है, परिवार में अब कोई पुरूष सदस्य नहीं है। उसे आर्थिक सहायता दी जाए। आवेदन पर जनपद पंचायत पिपलोदा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश जारी किया गया कि आवेदिका गुड्डीबाई के प्रकरण में सर्वाच्च प्राथमिकता से ध्यान देकर उसकी मदद की जाए। योजनाओं में भी सहायता दी जाए।

बाजना तहसील के ग्राम बंजलीपाड़ा की कर्माबाई ने आवेदन दिया कि उसकी भूमि पर मौती नामक व्यक्ति अतिक्रमण करके कब्जा कर रखा है। उसके आवेदन पर कोई सुनवाई नहीं हो रही हैं। राजस्व विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे है। उसकी भूमि उसे दिलवाई जाए। आवेदन पर संबंधित तहसीलदार को कार्यवाही के निर्देश जारी किए गए। बाजना क्षेत्र के ग्राम चिकली के सूरजमल ने आवेदन दिया कि उसकी लड़की रानू को बीमारी होने के कारण लम्बे समय से इलाज करवाना पड़ रहा है। गरीबी के कारण वह इलाज करवाने में असमर्थ है। उससे शासकीय चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जाए। आवेदन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रतलाम को निर्देशित किया गया कि लड़की रानू को उपचार के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत करने हेतु प्रकरण बनाया जाए।