इमालवा – नई दिल्ली | भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर हमला बोलते हुए आज कहा कि जिस तरह राम ने रावण को, कृष्ण ने कंस को, ओबामा ने ओसामा को मारा वैसे ही भ्रष्टाचार कांग्रेस को मारेगा।

राजनाथ ने यहां पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के अधिवेशन में अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सारी दुनिया में हमारी साख पर जो बट्टा लगा है ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। हमारी गिनती दुनिया के भ्रष्टतम देशों में होने लगी है।

उन्होंने कहा, हमारा यह आरोप है कि विगत नौ साल में भ्रष्टाचार में इस दानवीय विस्तार के लिए मुख्यत: कांग्रेस ही जिम्मेदार है। आज कांग्रेस सरकार इस कदर भ्रष्टाचार में रच बस गयी है कि इस सरकार ने तो अब्राहम लिंकन की लोकतंत्र की परिभाषा देने वाली युक्ति को ही बदल दिया है। मेरा मानना है कि यह सरकार भ्रष्टाचार द्वारा, भ्रष्टाचार की और भ्रष्टाचार के लिए है।

बकौल राजनाथ, भारत में नामराशियों की चर्चा होती है और कहीं न कहीं प्रकृति किसी भी समस्या का निदान नामराशि के अक्षरों में निहित कर देती है। जैसे राम ने रावण को मारा, कृष्ण ने कंस को मारा, ओबामा ने ओसामा को मारा वैसे ही हमें विश्वास है कि करप्शन भी कांग्रेस को अवश्य मारेगा।

उन्होंने आगे कहा कि संप्रग सरकार के पिछले नौ साल के शासन में भ्रष्टाचार के ऐसे काले अध्याय लिखे गये हैं जिसमें एक निश्चित प्रवृत्ति नजर आती है अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ो और किसी तरह उसके तार पूर्ववर्ती राजग सरकार से जोड़ दो।

By parshv