68वां जन्मदिन मनाने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सभा को संबोधित किया. यह सभा बीएचयू के एम्फीथिएटर के खेल मैदान में हुई. इस दौरान पीएम नेे 557 करोड़ करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए ‘हर हर महादेव’ का उद्घोष किया. उन्होंनेे वाराणसी के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में जनता को बताया और कहा कि नई काशी, नए भारत के निर्माण में अपना योगदान दें. अंत में पीएम मोदी ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए.
पीएम मोदी ने इस दौरान गंगा सफाई अभियान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा ‘गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक गंगा की सफाई के प्रयास किए जा रहे हैं. अभी तक इस कार्य के लिए 21 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं स्वीकृत की जा चुकी हैं.’
आप मेरे मालिक हैं, मेरे हाईकमान हैं : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने वाराणसी के लोगों से कहा ‘आप लोगों ने भले ही मुझे पीएम बनाया हो, लेकिन मैं पहले यहां का सांसद हूं. आप मेरे मालिक हैं, मेरे हाईकमान हैं. इसलिए मेरा दायित्व है कि मैं अपने कामों का हिसाब आपको दूं. मैं आप सभी को धन्यवाद देता हूं.’ उन्होंने कहा कि काशी नए जोश के साथ अपना भविष्य तय कर रहा है. नई काशी, नए भारत के निर्माण में अपना योगदान दें.
सबसे बड़ा मेडिकल सेंटर बनाएंगे
पीएम मोदी ने कहा कि वाराणसी को पूर्वी भारत का सबसे बड़ा मेडिकल सेंटर बनाया जाएगा. इसके लिए निजी क्षेत्र की मदद भी ली जा रही है. काशी में कैंसर का नया अस्पताल बनाया जा रहा है. बीएचयू में अटल इंक्यूबेशन सेंटर की शुरुआत की गई. उन्होंने कहा कि आज बिजली से जुड़ी पांच परियोजनाएं शुरू कीं. शहर की गंदगी गंगा में ना गिरे, इसके लिए कोशिश की जा रही है. योगी जी और उनकी पूरी टीम को आयुष्मान भारत योजना के लिए बधाई देता हूं.
मैं काशी का बेटा हूं : पीएम
उन्होंने कहा ‘मैं काशी का बेटा हूं. आज मुझे संतोष है कि बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से हम काशी का विकास कर पा रहे हैं. आज काशी में हर दिशा में परिवर्तन हो रहा है. पहले काशी को भोले के भरोसे छोड़ दिया गया था.’ उन्होंने कहा कि काशी में एलईडी बल्ब से रौशनी हुई. वाराणसी में हाईवे निर्माण और सड़क परियोजनाओं के लिए हमने काम किया.
पीएम मोदी ने कहा कि वाराणसी में आज करोड़ों रुपये की सड़क परियोजनाएं चल रही हैं. वाराणसी में हमने हर ओर विकास किया है. हवाई जहाज से वाराणसी पहुंचने वाले लोगों की संख्या पहले से बढ़ी है. पीएम मोदी ने वाराणसी के लोगों से काशी के विकास के लिए सहयोग मांगा. उन्होंने कहा कि सभी लोगों के इसके लिए आगे आना होगा. उन्होंने कहा कि ‘जो विदेशी काशी आएं, वो जहां जाएं काशी की तारीफ करते नजर आएं.’
पीएम केे साथ उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि काशी के विकास के लिए पिछले चार वर्षों में जितनी भी योजनाएं आईं हैं, मैं उनके लिए पीएम मोदी का धन्यवाद देता हूं. उन्होंने कहा कि काशी में पीएम मोदी ने योजनाओं को प्रमुखता से लागू किया है. राजस्व बचाने के लिए कार्य किए गए हैं. काशी के विकास के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में महाशक्ति के रूप में उभर रहा है. काशी में हर घर तक बिजली पहुंचने का काम किया गया है.
ये परियोजनाएं शामिल
मंगलवार को पीएम मोदी बीएचयू के खेल मैदान में सभा के दौरान अटल इंक्यूवेशन सेंटर का लोकार्पण किया. साथ ही ऑप्थोमोलॉजी संस्थान और वेद विज्ञान केंद्र का शिलान्यास भी किया. इसके अलावा शहरी इलेक्ट्रिकल काम (बिजली) ओल्ड काशी, 33 इन टू 11 केवी बिजली सब स्टेशन बेटावर, नागेपुर ग्राम पेयजल योजना, 33 इन टू 11 बिजली सब स्टेशन कुरुसातो निर्माण, 3722 मजरों (मोहल्लों, गांव, कस्बों) में बिजलीकरण कार्य, हनी मिशन के तहत 500 मधुमक्खी बॉक्स परियोजनाओं की शुरुआत की.
मंदिर में की थी पूजा
माना जा रहा है कि इस दौरान पीएम मोदी कुछ और परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं. इस सभा के बाद पीएम मोदी दिल्ली रवाना हो जाएंगे. बता दें कि सोमवार को वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी ने वहां बच्चों से बातचीत की थी. साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर में उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना भी की थी. मंगलवार को पीएम मोदी के वाराणसी दौरे का दूसरा दिन है.
पीएम मोदी ने सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में कमल के फूल चढ़ाए और दुग्धाभिषेक किया. मोदी ने बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की. प्रधानमंत्री ने मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का औचक दौरा किया और प्लेटफॉर्म 1 पर कुछ समय बिताया. इसके बाद वह डीजल रेल कारखाना (डीरेका) के अतिथि गृह चले गए जहां वह रात में ठहरे.
बच्चों से की मुलाकात
प्रधानमंत्री ने काशी विद्यापीठ और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के उन छात्रों से बातचीत की जो डीरेका में गरीब बच्चों को पढ़ाते हैं. पीएम मोदी ने नरूर गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में 200 बच्चों से भी संवाद किया. बच्चों ने गुलाब का फूल देकर उनको जन्मदिन की बधाई दी. 2014 में वाराणसी से सांसद चुने जाने के बाद पीएम का यह 14वां दौरा है. हालांकि, वे पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र में जन्मदिन मना रहे हैं.