इमालवा- नई दिल्ली। केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार और रेल मंत्री पवन बंसल की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खबर है कि यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी दोनों से नाराज हैं। सोनिया ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह तय करें कि उन्हें पवन बंसल और अश्विनी कुमार को मंत्रिमंडल में रखना है कि नहीं। खबर यह भी आ रही है कि प्रधानमंत्री खुद पवन बंसल और अश्विनी कुमार को मंत्रिमंडल से हटाना चाह रहे हैं।
न्यूज चैनलों में आ रहीं खबरों के मुताबिक, सोनिया गांधी सरकार की बदनामी से नाराज हैं। उन्होंने अश्विनी कुमार और पवन बंसल को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने या फिर रखने का अधिकार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दे दिया है। सोनिया इतनी नाराज हैं कि उन्होंने शुक्रवार को कानून मंत्री अश्विनी कुमार को मिलने तक का वक्त नहीं दिया।
खबरों के मुताबिक, गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से सोनिया गांधी की मुलाकात हुई। सूत्रों का दावा है कि इसी मुलाकात में सोनिया ने मनमोहन सिंह से कहा कि दोनों मंत्रियों की वजह से सरकार और पार्टी की छवि को खासा नुकसान पहुंच रहा है। इसके लिए जरूरी है कि पीएम जल्द दोनों मंत्रियों के मुद्दे पर फैसला लें। गौरतलब है कि सीबीआई को रेल मंत्री बंसल से महेश कुमार के कई बार मुलाकात के सबूत मिले हैं। संभव है कि सीबीआई जल्द इस मामले पर रेल मंत्री से पूछताछ के लिए इजाजत मांग सकती है
खबरों के मुताबिक, अब तक कानून मंत्री अश्विनी कुमार को पीएम मनमोहन सिंह का संरक्षण प्राप्त था, लेकिन अब सोनिया गांधी के दो टूक के बाद साफ हो गया है कि पार्टी की छवि को लेकर दोनों मंत्रियों पर कार्रवाई जल्द संभव है। वहीं शुक्रावर की शाम 5.30 बजे कांग्रेस कोर कमिटी की बैठक होने वाली है, जिसमें इस संबंध में अहम फैसला लिया जा सकता है।
इस बीच समाजवादी पार्टी महासचिव रामगोपाल वर्मा ने कहा कि रेल मंत्री पवन बंसल को तुरंत मंत्री पद से हटाना चाहिए। साथ ही बीजेपी के प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सरकार बेशर्म हो चुकी है। उसे दोनों मंत्रियों को हटाना चाहिए, लेकिन वह उन्हें बचा रही है।