विधानसभा निर्वाचन 2018 के मतदान पश्चात आगामी 11 दिसम्बर को की जाने वाली मतगणना की तैयारियां सतत जारी है। मतगणना स्थल स्थानीय आर्टस एण्ड साइंस कॉलेज परिसर में जिले के पांचो विधानसभा क्षैत्रो के लिए होने वाली मतगणना हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रूचिका चौहान तथा पुलिस अधिक्षक श्री गौरव तिवारी ने मंगलवार की सुबह निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र सिंह चौहान तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण फूलपगारे के साथ ही अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चौहान ने सभी विधानसभा क्षैत्रों के गणना कक्षों मे पहुंचकर टेबुलेशन व्यवस्था देखी। ईवीएम लाने ले जाने के लिए सुगम व्यवस्था बनाने तथा प्रेक्षकों रिटर्निग अधिकारियों के अबाधित आवागमन के सम्बंध में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री जावेद शेख को निर्देश दिये।
मतगणनों कक्षों में कम्प्यूटर सिस्टम तथा अन्य जरूरतों के लिए विद्युत कनेक्शन के लिए दिशा निर्देश दिये। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सी.सी.टी.वी कनेक्शन गणन परिणामों के डिस्पले तथा परिसर में वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिये उन्होंने आवश्यक जानकारियों के लिए विभिन्न स्थानो पर संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए।
मतगणना के लिए बैठक आयोजित
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रूचिका चौहान द्वारा मंगलवार दोपहर में विधानसभा निर्वाचन मतगणना तैयारियों के संदर्भ में एक बैठक भी आयोजित की। जिले के रिटर्निंग अधिकारियों सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की मौजूदगी में आहूत इस बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतगणन प्रक्रिया के लिए बारीकी से अधिकारियों को तैयारी के निर्देश दिये। ईवीएम मशीनों को मतगणना कक्षों में लाने, विभिन्न प्रपत्रों में जानकारी भरने, आगामी गणक प्रशिक्षण, माइक्रो आब्जर्वर प्रशिक्षण तथा मतगणना रिहर्सल के सम्बंध में निर्देशित किया। मतगणना स्थल पर कम्प्यूटर फोटो कॉपीयर मशीनों की व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बैठक में निर्देश दिये गये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण फूलपगारे तथा मास्टर ट्रेनर श्री सुरेश कटारिया भी उपस्थित थे।