जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सीआरपीएफ जवान ने अपने तीन साथियों को गोली मार दी है. इसके बाद जवान ने खुद को भी गोली मार ली. साथी तीनों सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई, जबकि गोली मारने वाले जवान की हालत गंभीर है. उसे उधमपुर अस्पताल में एडमिट कराया गया है.

बताया जा रहा है कि जवान की अपने साथियों के साथ बट्टल बालियान गांव के पास कुछ विवाद हो गया था. चारों जवान सीआरपीएफ की 187 बटालियन के बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी साफ नहीं हो पाया है कि चारों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांस्टेबल अजीत सिंह ने हेड कॉन्स्टेबल पोखरमल, हेड कॉन्स्टेबल जोगिंदर सिंह और हेड कॉन्स्टेबल उम्मेद सिंह को गोली मारी. तीनों की मौत हो गई है, जबकि कांस्टेबल अजीत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है.

बता दें, पुलवामा आतंकी हमले में 40 सीआरपीएफ जवानों के शहीद होने के कारण इस बार सीआरपीएफ, बीएसएफ समेत अर्धसैनिक बलों ने होली नहीं मनाने का फैसला किया है.