भारत के बी साई प्रणीत ने पांचवीं सीड हमवतन खिलाड़ी समीर वर्मा को गुरूवार को कड़े संघर्ष में 18-21, 21-16, 21-15 से हराकर योनेक्स सनराइका इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व रैंकिंग में 20वें नंबर के खिलाड़ी प्रणीत ने इस जीत के साथ 15वीं रैंकिंग के समीर के खिलाफ अपना रिकार्ड 3-3 कर लिया है।

प्रणीत ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुये अगले दोनों गेम जीतते हुए यह मुकाबला एक घंटे 11 मिनट में समाप्त किया। भारत के परूपल्ली कश्यप ने थाईलैंड के तानोंगसाक सेनसोमबूनसुक को 37 मिनट में 21-11, 21-13 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। लेकिन महिला वर्ग में क्वालिफायर रिया मुखर्जी को आठवीं सीड डेनमार्क की मिया ब्लीचफेल्ट से 50 मिनट में हार का सामना करना पड़ा।

ब्लीचफेल्ट ने यह मुकाबला 21-8, 17-21, 21-13 से जीता। महिला युगल में अर्पणा बालन और श्रुति केपी ने हांगकांग की एनजी विंग युंग और यियुंग एंगा तिंग को 50 मिनट में 21-19, 7-21, 21-17 से और पुरूष युगल में प्रणव जैरी चोपड़ा तथा शिवम वर्मा ने हमवतन अनिरूद्ध माएकर और विनय कुमार सिंह को 30 मिनट में 21-15, 21-11 से पराजित कर अंतिम आठ में स्थान बना लिया। मिश्रित युगल में प्रणव और एन सिक्की रेड्डी तथा महिला युगल में पूजा डांडू और संजना संतोष को हार का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल में अर्जुन एमआर और मनीषा के भी पराजित हो गए।