भारत ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बयान को गैरजिम्मेदाराना और बेतुका बताकर खारिज कर दिया. बता दें, पाकिस्तान विदेश मंत्री ने कहा था कि भारत पाकिस्तान पर फिर से हमला करेगा. भारत ने कहा कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री का बयान क्षेत्र में युद्धोन्माद फैलाने वाला है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि इस हथकंडे से ऐसा लगता है कि पाकिस्तान अपने आतंकवादियों से भारत में हमला कराना चाहता है. पाकिस्तान को मुख्य मुद्दे से भटकाने वाले बयान देने की बजाए आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय, स्थिर कदम उठाना चाहिए.
भारत ने पाकिस्तान को होने वाले आतंकवादी घटनाओं को लेकर ठोस खुफिया जानकारी को साझा करने के लिए स्थापित कूटनीतिक, डीजीएमओ माध्यमों का प्रयोग करने की सलाह दी. इसके साथ ही भारत ने साफ किया कि हम सीमा पार से होने वाले किसी भी आतंकवादी हमले पर मजबूती से और निर्णायक प्रतिक्रिया देने का अधिकार रखते हैं.
बता दें, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने रविवार को कहा था कि देश के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत 16 से 20 अप्रैल के बीच एक और हमले की योजना बना रहा है.
शाह महमूद कुरैशी ने आरोप लगाया कि एक नए हादसे का ताना-बाना रचा जा सकता है और इसका मकसद पाकिस्तान के खिलाफ अपनी (भारत की) कार्रवाई को सही ठहराना और इस्लामाबाद के खिलाफ राजनयिक दबाव बढ़ाना होगा.
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को पहले ही जानकारी दे दी है और इस्लामाबाद की आशंकाओं से उन्हें अवगत करा दिया गया है.
बता दें, कश्मीर के पुलवामा जिले में 14 फरवरी को पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है. उस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे.
बढ़ते आक्रोश के बीच, भारतीय वायुसेना ने आतंकवाद-रोधी अभियान के तहत 26 फरवरी को पाकिस्तान के अंदर बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया था. इसके बाद पाकिस्तान ने भारत में हमले की नाकाम कोशिश की थी. दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल अभी भी बना हुआ है.