चीन के पूर्वी बंदरगाह शहर किंगदाओ में मरम्मत के लिए लाए गए विदेशी झंडे वाले एक मालवाहक जहाज में बृहस्पतिवार को आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बुरी तरह झुलस गए। अग्निशमन एवं बचाव ब्यूरो के मुताबिक, जहाज में आग पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे उस समय लगी, जब ‘चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन’ की किंगदाओ बेहाई शिपबिल्डिंग कंपनी लिमिटेड में उसकी मरम्मत की जा रही थी।

घटना के समय में जहाज में कुल 42 लोग सवार थे। खबर में कहा गया है कि जिन 25 लोगों के लापता होने की सूचना थी, बचावकर्मियों ने उन सभी का पता लगा लिया, लेकिन उनमें से किसी को भी बचाया नहीं जा सका। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि विदेशी मालवाहक जहाज में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। उन्होंने बताया कि 12 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि बुरी तरह झुलसे पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने खोज और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। खबर में कहा गया है कि चीन में किसी दुर्घटना के बाद शीर्ष नेतृत्व की ओर से इस तरह के निर्देश जारी किया जाना एक दुर्लभ घटनाक्रम है। ‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार, चिनफिंग ने पीड़ितों को तुरंत सहायता सुनिश्चित करने, आग लगने की वजह की तेजी से जांच करने और जिम्मेदार लोगों को जवबदेह ठहराने के भी निर्देश दिए हैं। चिनफिंग ने सभी क्षेत्रीय प्रशासनों और संबंधित विभागों से कहा है कि वे इस हादसे से सबक लें, आग से जुड़े खतरों की अच्छी तरह पहचान करके उन्हें दूर करें, निवारक उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, बड़े हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाएं और जानमाल की सुरक्षा पर ध्यान दें।

प्रधानमंत्री ली कियांग ने घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने, बाद के अभियान को सावधानीपूर्वक संचालित करने और घटना के कारण संभावित अन्य हादसों को टालने के लिए पुरजोर कोशिश करने के निर्देश दिए। ‘शिन्हुआ’ की ओर से जारी एक तस्वीर के मुताबिक, आग लगने की घटना लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक पोत ‘ओशन मेलोडी’ में हुई। ‘मरीन ट्रैफिक’ वेबसाइट के अनुसार, यह जहाज किंगदाओ में खड़ा है।

कियांग ने स्टेट काउंसिल को निर्देश दिया है कि वह इस घटना को चेतावनी के रूप में लेते हुए सभी क्षेत्रों और विभागों में सुरक्षा एवं उत्पादन से जुड़ी जिम्मेदारियों को और कड़ा करे तथा खतरों की जांच को बेहतर बनाए। किंगदाओ बेहाई शिपयार्ड ‘चीन स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन’ के प्रबंधन वाला एक प्रमुख पोत निर्माण केंद्र है। यह वाणिज्यिक पोत निर्माण, जहाजों की मरम्मत और समुद्री इंजीनियरिंग के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखता है। ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की खबर के मुताबिक, किंगदाओ बेहाई शिपयार्ड नौ किलोमीटर लंबे समुद्री तट के किनारे 330 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है।

By parshv

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *