80 और 90 के दशक की प्रमुख अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इस बात से इत्तेफाक नहीं रखतीं कि उनकी समकक्ष अभिनेत्रियां आज गुमनामी के अंधेरे में खो चुकी हैं। बल्कि उनका मानना है कि वे आजकल और भी ज्यादा मजबूत हो रही हैं।
हाल ही में रणबीर कपूर के साथ आइटम सांग ‘घाघरा’ के कारण चर्चा में रही यह धक धक गर्ल डांस के रिएलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में एक जज हैं। माधुरी की…

80 और 90 के दशक की प्रमुख अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इस बात से इत्तेफाक नहीं रखतीं कि उनकी समकक्ष अभिनेत्रियां आज गुमनामी के अंधेरे में खो चुकी हैं। बल्कि उनका मानना है कि वे आजकल और भी ज्यादा मजबूत हो रही हैं।
हाल ही में रणबीर कपूर के साथ आइटम सांग ‘घाघरा’ के कारण चर्चा में रही यह धक धक गर्ल डांस के रिएलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में एक जज हैं। माधुरी की आगामी फिल्में ‘गुलाबी गैंग’ और ‘डेढ़ इश्किया’ हैं।
जिंदगी के चार दशक पूरे कर चुके अभिनेता शाहरूख खान, सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन आज भी बॉलीवुड में अपना झंडा बुलंद किए हुए हैं लेकिन उनके जवानी के दिनों में उनके साथ अभिनय की शुरूआत करने वाली अभिनेत्रियां या तो पर्दे पर से गायब हो गई हैं या फिर चरित्र भूमिकाएं निभा रही हैं। हालांकि माधुरी का मानना है कि ऐसा बिल्कुल नहीं है।
माधुरी ने बताया, सभी कलाकारों को उनके मुकाम पर देखकर खुशी होती है। उन सभी ने बहुत मेहनत की है। जूही, काजोल, श्रीदेवी सभी आज बेहतरीन काम कर रही हैं। किसी को यह नहीं मान लेना चाहिए कि हमारे समय की अभिनेत्रियां अब यहां हैं ही नहीं। यह सही नहीं है। ये सभी महिलाएं अच्छा काम कर रही हैं। वे मजबूत हो रही हैं। वे अपनी खुद की जगह बना रही हैं।
गौरतलब है वर्ष 1999 में अमेरिका निवासी डॉक्टर श्रीराम नेने के साथ शादी के बाद भी माधुरी ने फिल्मों में काम करना जारी रखा। उन्होंने कहा, मैंने हमेशा काम किया है। यहां तक कि शादी करके अमेरिका जाने के बाद भी मैंने देवदास, लज्जा, पुकार, हम तुम्हारे हैं सनम, आजा नच ले, झलक दिखला जा में काम किया । मैंने शादी के बाद बहुत सा काम किया । तो यह ऐसा नहीं था कि मैं यहां से चली गई या मैंने काम छोड़ दिया। मैं हमेशा से यहां रही हूं।
माधुरी ने उन खबरों को खारिज कर दिया जिनके अनुसार वे संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म रामलीला में रणवीर सिंह के साथ एक खास गाने में प्रस्तुति देंगी।
माधुरी ने कहा, मेरे पास किसी गाने का प्रस्ताव नहीं आया है। इसके बारे में कोई बात नहीं हुई है। मुझे नहीं पता ये कहानियां कहां से आ रही हैं? माधुरी की आगामी फिल्म गुलाबी गैंग मकाओ में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कारों में दिखाई जाएगी। इसे लेकर माधुरी बहुत उत्साहित हैं। झलक दिखला जा की शूटिंग के बाद वह इस समारोह में शामिल होंगी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे डेढ़ इश्किया में नसीरूद्दीन के साथ अंतरंग दृश्य देंगी तो उन्होंने काफी संभलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, मैं वही चीजें करूंगी जिनमें मैं सहज हूं। जब लोग फिल्म देखेंगे तो वे जान जाएंगे। अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनने वाली डेढ़ इश्किया में माधुरी बेगम पारा का किरदार निभा रही हैं। यह किरदार इश्किया में विद्या बालन द्वारा निभाए गए किरदार से अलग कहा जा रहा है।