नई दिल्ली/श्रीनगर. भारत के 67 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पाकिस्तान अपनी गुस्ताखी से बाज नहीं आया है। पाकिस्तान ने सीमा से सटे पुंछ के बालाकोट में फायरिंग जारी है। इसमें सेना का एक पोर्टर घायल हो गया है।
 
इससे पहले पाकिस्तान में 14 अगस्त को एक तरफ आजादी का जश्न मना रहा था। दूसरी तरफ उसके सैनिक नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा चौकियों को निशाना बना रहे थे। मंगलवार रात नौ बजे से फायरिंग शुरू हुई। यह बुधवार सुबह तक जारी रही। कुल 16 भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया। 
 
आतंकियों की घुसपैठ कराने की भी कोशिश की गई। हालांकि इसे नाकाम करते हुए भारतीय सैनिकों ने दो आतंकियों को मार गिराया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एसएन आचार्य ने बताया, ‘पुंछ जिले के हमीरपुर-बालाकोट और मेंढर क्षेत्र में भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया गया। बालाकोट और हमीरपुर की छह-छह और मनकोट की चार चौकियों पर मंगलवार रात नौ बजे से 10.15 बजे तक भारी गोलीबारी हुई। उसके बाद रुक-रुककर बुधवार तक फायरिंग होती रही। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें किसी के मारे जाने की खबर नहीं है।’ 
 
पिछले चार दिन में पाकिस्तान की ओर संघर्ष विराम के उल्लंघन की यह नौवीं घटना है। उधर, उत्तर-कश्मीर के केरन सैक्टर में नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बलों ने तड़के तीन बजे के आसपास घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम कर दी। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, ‘घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकियों को सुरक्षा बलों ने आत्मसमर्पण करने को कहा। लेकिन आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग दो आतंकी मारे गए।’

By parshv