त्रिकोणीय श्रृंखला में खिताबी जीत के बाद उत्साह से भरी भारत ए टीम कल से यहां दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ होने वाले पहले चार दिवसीय अनधिकृत टेस्ट मैच में अपनी शानदार फार्म बरकरार रखने और इस साल के आखिर में होने वाले सीनियर टीम के दौरे से पहले कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने की कोशिश करेगी।चेतेश्वर पुजारा की अगुवाई वाली टीम ने इस सप्ताह के शुरू में प्… टेस्ट चुनौती में खरा उतरने की कोशिश करेगा भारत-ए

त्रिकोणीय श्रृंखला में खिताबी जीत के बाद उत्साह से भरी भारत ए टीम कल से यहां दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ होने वाले पहले चार दिवसीय अनधिकृत टेस्ट मैच में अपनी शानदार फार्म बरकरार रखने और इस साल के आखिर में होने वाले सीनियर टीम के दौरे से पहले कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने की कोशिश करेगी।चेतेश्वर पुजारा की अगुवाई वाली टीम ने इस सप्ताह के शुरू में प्रिटोरिया में आस्ट्रेलिया ए को हराकर त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला जीती थी। भारत ने इस टूर्नामेंट के दोनों लीग मैच में दक्षिण अफ्रीका ए को हराया था लेकिन भारतीय खिलाडि़यों विशेषकर बल्लेबाजों की परीक्षा दो अनधिकृत टेस्ट मैचों में होगी।भारत की सीनियर टीम को इस साल के आखिर में दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर आना है और इस लिहाज से पुजारा की टीम का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्तमान टीम में शामिल खिलाडि़यों में से पुजारा, शिखर धवन, मुरली विजय, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे और दिनेश कार्तिक जैसे खिलाडि़यों को नवंबर में होने वाले दौरे के लिये भी टीम में जगह मिलने की संभावना है।धवन त्रिकोणीय श्रृंखला में भारतीय जीत के नायक बनकर उभरे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ 248 रन की रिकार्ड पारी खेली तथा कुल चार मैचों में एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से 410 रन बनाकर साबित किया कि स्ट्रोक प्लेयर के तौर पर वह किसी भी तरह की विकेट पर सफल होने का माद्दा रखते हैं।कप्तान पुजारा को भारत का विशेषग्य टेस्ट बल्लेबाज माना जाता है और इन चार दिवसीय मैचों में उन पर काफी दारोमदार रहेगा। त्रिकोणीय श्रृंखला में वह भी एक शतक जमाकर परिस्थितियों से सामंजस्य बिठा चुके हैं। अब तक 13 टेस्ट मैचों में 1180 रन बना चुके पुजारा की टेस्ट टीम में जगह तय है और यह उनके लिये दक्षिण अफ्रीकी पिचों को समझने का सबसे बढिया मौका है।रोहित ने भी त्रिकोणीय श्रृंखला में तीन अर्धशतक जमाये हैं और उनके लिये भारतीय मध्यक्रम में जगह बनाने के लिये चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने का बेहतरीन मौका है। रैना, रहाणे और अंबाती रायुडु भी मध्यक्रम में जगह बनाने के दावेदारों में शामिल हैं। सलामी बल्लेबाज मुरली विजय फिलहाल बहुत अच्छी फार्म में नहीं हैं लेकिन धवन के साथ मजबूत जोड़ी बनाने का यह उनके पास अच्छा अवसर है।दक्षिण अफ्रीका की रणनीति हालांकि भारत की सीनियर टीम पर भारी पड़ सकती है। रस्टेनबर्ग के जिस ओलंपिया पार्क में यह मैच खेला जाना है वहां की पिच में उतनी जानदार नहीं जितने की उन बड़े टेस्ट स्थलों की है जहां भारत को आगामी दौरे में मैच खेलने होंगे।भारत ए के कप्तान पुजारा भी इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं। उन्होंने त्रिकोणीय श्रृंखला में जीत के बाद कहा था, जब यहां हम वापस आएंगे तो मुझे नहीं लगता कि परिस्थितियां ऐसी ही होंगी। अभी यहां के विकेट काफी सपाट हैं और जब हम नवंबर में यहां आएंगे तो परिस्थितियां काफी भिन्न होंगी और हम इससे वाकिफ हैं। यह परिस्थितियों और विकेट से ही नहीं बल्कि मौसम और खेल से जुड़े अन्य कारकों से भी तालमेल बिठाने से जुड़ा है।दक्षिण अफ्रीका ए ने हाल में आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ रस्टेनबर्ग में मैच खेला था जिसमें उसने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। उस मैच की दूसरी पारी में आफ स्पिनर साइमन हर्मर ने 87 रन देकर आठ विकेट लिये थे। उन्होंने तब इस पिच को चार दिवसीय मैच के लिये अच्छा बताया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका के हाई परफोरमेन्स मैनेजर और ए टीम के कोच विन्सेंट बन्र्स भारत के लिये टर्निंग विकेट नहीं चाहेंगे।बर्न्स इस विकेट में थोड़ा उछाल चाहते हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका में सर्दियां में सूखा रहा है और ऐसे में विकेट में अधिक नमी होने की संभावना नहीं है। भारतीय टीम प्रबंधन इन परिस्थितियों को देखते हुए अपने दोनों स्पिनरों परवेज रसूल और शाहबाज नदीम को अंतिम एकादश में शामिल कर सकता है।दक्षिण अफ्रीका ए में भी कई नामी खिलाड़ी शामिल हैं और इसलिए मुकाबला कड़ा होने की संभावना है। श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जीन पाल डुमिनी तथा आस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रिटोरिया में 268 रन बनाने वाले डीन एल्गर और 159 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज थामी सोलिकिले भी जस्टिन ओनटोंग की अगुवाई वाली टीम में शामिल हैं।वायने पर्नेल, काइल अबोट और मर्चेंट डि लेंगे की तेज गेंदबाजी की त्रिमूर्ति भारत के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को परेशानी में डालने की कोशिश करेगा। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी फिर से साइमन हर्मर पर होगी जिन्हें कप्तान ओनटोंग से मदद मिलेगी। इन दोनों टीमों के बीच दूसरा और आखिरी अनधिकृत टेस्ट मैच 24 अगस्त से प्रिटोरिया में खेला जाएगा।

By parshv