नई दिल्ली : मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कुछ पार्टियों पर निहित स्वार्थ के लिए देश को कमजोर करने में जुटे रहने का आरोप लगाते हुए शोषित वर्गो के लोगों से अपना अधिकार पहचानें का आह्वान किया ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। तालकटोरा स्टेडियम में आज आयोजित दलित मुस्लिम सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्रीमती दीक्षित ने कहा कि हम लोगों का उद्देश्य इन सबको एकता और सम्मान का संदेश देना है ताकि देश मजबूत बन सके। देश की मजबूती से विकास होगा और विकास से खुशहाली आयेगी।
उन्होंने कमजोर वर्ग के लोगों का आह्वान किया कि वे अपने अधिकार पहचानें। अधिकारों की जानकारी लें जिससे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जिस मकसद से योजनाएं बनाई जाती हैं। उसके लिए जागरुकता फैलाने का काम सरकार करती है। लेकिन लोगों को भी जानकारी हासिल करनी चाहिए।
श्रीमती दीक्षित ने देश को एक ऐसा गुलदस्ता बताया जिसमें अलग-अलग तरह के फूल हैं। अलग-अलग मजहब और विभिन्न-विभिन्न प्रांत के लोग रहते हैं और सद्भाव तथा एकता बनी हुई है लेकिन कुछ पार्टियां निहित स्वार्थ के लिए देश को बांटना और कमजोर करना चाहती हैं। अगर ऐसा हुआ तो देश का विकास रुक जायेगा।