ज्वाला गट्टा का समर्थन करते हुए कई पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) की अनुशासन समिति की इस स्टार खिलाड़ी पर आजीवन प्रतिबंध की सिफारिश को हास्यास्पद और कठोर करार दिया है। 

पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन अरविंद भट्ट ने कहा कि यह काफी कठोर फैसला है। मुझे लगता है कि बाई इसे आराम से निपटा सकता था और इस मामले को सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए था। 

उन्होंने कहा कि मुझे सही तरह से नहीं मालूम कि आईबीएल मैच के दौरान ज्वाला ने क्या कहा लेकिन यह जो कुछ भी हो, आजीवन प्रतिबंध काफी कठोर है। भट्ट ने कहा कि वे उसे चेतावनी दे सकते थे। 

वह दिल्ली की टीम की प्रवक्ता हैं और एक आइकन खिलाड़ी हैं। उन्होंने टीम की ओर से आवाज उठाई थी और यह टीम का फैसला था। 

बाई की अनुशासन समिति ने हैरानी भरा फैसला करते हुए ज्वाला पर आजीवन प्रतिबंध की सिफारिश की है। 

भारतीय बैडमिंटन लीग में ज्वाला ने अपनी फ्रेंचाइजी कृष दिल्ली स्मैशर्स के कुछ खिलाड़ियों को बंगा बीट्स के खिलाफ मैच में खेलने से रोका था। भारत के शीर्ष पुरुष डबल्स खिलाड़ी केटी रूपेश कुमार और सानावे थामस ने भी इस सिफारिश को हास्यास्पद बताया।

ज्वाला के पिता बोले, हम लड़ेंगे

ज्वाला गट्टा पर आजीवन प्रतिबंध की सिफारिश को लेकर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बाई) से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

लेकिन उनके पिता क्रांति ने सोमवार को कहा कि वह आजीवन प्रतिबंध को कानूनी चुनौती देगा। बकौल क्रांति, ‘ज्वाला चुप नहीं बैठेंगी। हम मामले को उठाएंगे।’ 

ज्वाला के कोच आरिफ और क्लीन स्पोर्ट्स इंडिया के बीवीपी राव ने ज्वाला के प्रति सहानुभूति जताई।

By parshv