वाशिंगटन: अमेरिका में द्विदलीय पहल कांग्रेसनल कॉकस ऑन इंडिया और इंडियन-अमेरिकंस के जरिए सांसद यहां पहली बार भारत का रोशनी कं त्योहार दीपावली मनाएंगे। कांग्रेस की गतिविधियों को प्रकाशित करने वाले ब्लॉग रॉल कॉल के मुताबिक, अमेरिका में सालों से रह रहे भारतीय और डेमोक्रेट की बैठकों के सह-अध्यक्ष जोसेफ क्राउली द्वारा सांसदों को अगले मंगलवार को दीपावली के आयोजन का निमंत्रण भेजा गया है। 

क्राउली ने अपने साथी सांसदों से दीपावली के रहस्य को सांझा करने की मांग करते हुए कहा, ‘‘हम एक बड़ा उदाहरण पेश कर रहे हैं, हमें उम्मीद है कि यह कई सालों में पहला है, तथा आने वाले दशकों तक यह बड़ा उदाहरण रहेगा।’’ उन्होंने पहले अमेरिकी हिंदू सांसद तुल्सी गैबार्ड और अमेरिकी संसद में एकमात्र भारतवंशी राजनीतिज्ञ अमी बेरा की इस योजना में मदद करने और अन्य सांसदों के बीच इसे लेकर   रुचि पैदा करने के लिए प्रशंसा की। 

क्राउली न्यूयार्क के जैक्सन हाइट्स सेक्सन ऑफ क्वींस में भारतीय-अमेरिकी क्षेत्र में दीपावली का त्योहार मना चुके हैं। उन्होंने रॉल कॉल से कहा,  ‘‘यह भारतवंशी समुदाय के विकास का साक्षी है।’’ गैबार्ड ने कहा, ‘‘आध्यात्मिक परंपरा के अनुसार दीपावली अंधेरे पर उजाले, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत और आध्यात्मिक नवीनीकरण के रूप में मनाया जाता है।’’ रॉल कॉल के मुताबिक, क्राउली ने मैरीलैंड के लैनहम स्थित शिवा विष्णु टेंपल को कार्यक्रम के दौरान परोसे जाने वाले व्यंजनों की तैयारी की जिम्मेदारी सौंप दी है। 

अपने साथी सांसदों से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने का विचार करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यहां पारंपरिक भारतीय व्यंजन भी परोसे जाएंगे।’’ क्राउली ने कहा, ‘‘यह न सिर्फ साथ मिलकर त्योहार मनाने बल्कि सभी अमेरिकियों के बीच समझ और सहनशीलता को बढ़ाने में मदद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।’’

By parshv