वाशिंगटन। अमेरिका के शीर्ष राजनयिक ने मनोनीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दक्षेस नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भेजे गए न्योते को मजबूत और सकारात्मक संकेत माना है।
अमेरिका के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों की सहायक सचिव भारतीय मूल की निशा देसाई बिस्वाल ने कहा कि निश्चित रूप से शपथ ग्रहण समारोह में क्षेत्रीय नेताओं का आना एक मजबूत और सकारात्मक संकेत है। इससे इतर मुझे लगता है कि वास्तव में भारत और उसके पड़ोसी देशों के लिए प्रतिक्रिया और जवाब देने का वक्त है। उन्होंने कहा कि मनोनीत प्रधानमंत्री का यह निर्णय उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
बिस्वाल ने भारतीय पत्रकारों के एक समूह से बातचीत में कहा कि ओबामा प्रशासन नई भारत सरकार को अपने अनुरूप निर्णय लेने के लिए आवश्यक समय और स्थान देगा और तब उस आधार पर नई दिल्ली से अपने आप को जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि हमलोग भारतीय चुनाव में मजबूत जनादेश और भारी संख्या में वोटिंग को लेकर काफी उत्साहित हैं। हम नामित प्रधानमंत्री मोदी और उनकी टीम के साथ काम करने को लेकर आगे देख रहे हैं। हम देखेंगे कि इस क्षेत्र में हमारे बीच सुरक्षा और समृद्धि के साझे एजेंडे की क्या संभावनाएं हैं।
बिस्वाल ने कहा कि गुजरात में 2002 में हुई घटनाओं को लेकर अमेरिका की सोच एकदम स्पष्ट है। लेकिन हम भारतीय मतदाताओं द्वारा मनोनीत प्रधानमंत्री के लिए दिए गए जनादेश को भी मान्यता देते हैं और उनके साथ मिलकर काम करने को इच्छुक हैं। बिस्वाल ने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा द्वारा मोदी को अमेरिका आने का न्योता देना इस बात का स्पष्ट सबूत है कि हम जल्द से जल्द उनकी यहां अगुवानी करना चाहते हैं और वह राष्ट्राध्यक्ष होने के कारण ए-1 वीजा पर यात्रा करेंगे।