अमृतसर। सिमरनजीत सिंह मान और उनके समर्थकों ने एक बार फिर मयार्दाओं और परंपराओं को तार-तार किया। ऑपरेशन ब्लूस्टार की 30वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार सुबह अलगाववादी सिख संगठनों व नरम संगठनों के बीच श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में जमकर झड़प हुई और पगड़ियां उछली। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से हुई तलवारबाजी में लगभग 16 लोग घायल हो गए। घायलों को एसजीपीसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से अधिकांश को छुंट्टी दे दी गई है।
अलगाववादियों ने टॉस्क फोर्स के एक कर्मी को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान एसजीपीसी ने मीडिया को भी बाहर निकाल दिया। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने अलगाववादियों को समझाया। टॉस्क फोर्स व अलगाववादी काफी देर तक आमने-सामने मोर्चा लगाकर खड़े रहे। बता दें, ऑपरेशन ब्लूस्टार की वर्षगांठ पर यहां हर साल इस तरह की झड़पें होती रही हैं।
उधर, आज सिख संगठनों ने अमृतसर बंद का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर शहर में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राज्य के अन्य जिलों से भी पुलिस फोर्स मंगाई गई है। बंद का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है।