रतलाम। जिले में गुरुवार को दोपहर से रात तक कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे। इससे मंडियों में खुले में रखा अनाज और अन्य उपयोगी सामग्री गीली हो गई। सड़कों पर पानी की रेलमपेल मच गई। बेमौसम बरसात ने किसान सहित आमजन की परेशानियां बढ़ा दी है। रात 12 बजे तक रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही।

जिले में गुरुवार को बादलों की उमड़-घुमड़ होती रही। शहर में शाम 4.50 बजे अचानक तेज बौछारें शुरू हो गईं। यह क्रम करीब 7 मिनट तक चला। इसके बाद शाम 5.30 बजे तेज बारिश का सिलसिला प्रारंभ हो गया। गरज-चमक के साथ देर शाम तक बारिश होती रही। अचानक बारिश से सड़कों पर आवाजाही कर रहे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडी परिसर में खुले में रखी उपज भीग गई। इसे बचाने के लिए किसानों और व्यापारियों को काफी मशक्कत करना पड़ी, लेकिन इसके बाद भी काफी मात्रा में उपज बारिश की भेंट चढ़ गई। जवाहर नगर क्षेत्र में एक बिजली पोल गिर गया।

By parshv