रतलाम। मोचीपुरा क्षेत्र में बुधवार रात 8.45 बजे दो पक्षों में विवाद की खबर के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। विवाद किन लोगों के बीच हुआ यह पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार मोचीपुरा क्षेत्र से कुछ युवक वाहनों पर गुजर रहे थे। वहां एक युवक से किसी का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद शहर में तेजी से दो पक्षों में विवाद होने की खबर फैली। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चलती रही। क्षेत्र में पुलिसकर्मी लोगों से मामले की जानकारी लेते रहे लेकिन कोई भी यह नहीं बता पाया कि विवाद किन लोगों के बीच हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके दल के साथ मौके पर पहुंचे। पीसीआर वैन, वज्र वाहन आदि तैनात किए गए। डीआईजी एसपी सिंह व कलेक्टर डॉ. संजय गोयल कंट्रोल रूम पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में निगाह रखने व लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए। देर रात तक पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई। डीआईजी श्री सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था। विवाद खत्म हो गया। कानून व्यवस्था व सुरक्षा की दृष्टि से बल तैनात किया गया है।

By parshv