इंदौर । गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उनकी सरकार प्रयास करेगी कि गोवध पर देशभर में पूरी तरह रोक लगाने के लिए विधेयक लाएं। इसके लिए आम सहमति के प्रयास किए जाएंगे। वे यहां श्वेतांबर स्थानकवासी जैन श्रमण संघ के चतुर्विध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ ने कहा कि एक चींटी की भी जान बचाने के लिए जैन समुदाय सड़क पर झाड़ू लगाता है, तो हम गोहत्या कैसे सहन कर सकते हैं। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र व गुजरात में गोवध पर प्रतिबंध लगा दिया है।
शेष भारत में भी प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। वहीं विहिप नेता अशोक सिंघल ने उम्मीद जताई कि राजनाथ सिंह अब गोवंश वध पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विधेयक लाएंगे और उसे पास भी कराएंगे।
सिंघल ने कहा कि कृष्ण के देश में गोमांस का उत्पादन खूब हो रहा है। शर्म वाली बात तो यह है कि विश्व में गोमांस का सबसे अधिक निर्यात भारत से होता है।