कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 14 अप्रैल को महू नहीं आएंगे। डॉ.भीमराव आम्बेडकर की जयंती पर उनके आने की संभावना जताई जा रही थी पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास कोई सूचना नहीं है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी सहित कई प्रदेश पदाधिकारी जरूर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पार्टी ने भी जयंती पर जिला और ब्लाक स्तर पर संगोष्ठी व सभा करने का फैसला किया है। इस दिन समरसता सम्मान से सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने अटकलों को विराम देते हुए बताया कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रदेश प्रवास पर आने का कोई कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्राप्त नहीं हुआ है। डॉ. आम्बेडकर की जयंती पर कांग्रेस महू में कार्यक्रम करेगी। जिला और ब्लाक मुख्यालयों में डॉ.आम्बेडकर के योगदान पर विचार-विमर्श होगा। इसमें कांग्रेस के ऐसे पदाधिकारी, जो अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए काम करते हैं उनका सम्मान किया जाएगा।

 

By parshv