रतलाम। तापमान बढ़ने के साथ ही आग की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। शुक्रवार को शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगी। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची। हालांकि कोई जनहानी नहीं हुई। नगर निगम के स्टोर में शार्ट सर्किट से आग लगी। इस पर काबू पाने से बड़ी घटना टल गई।
कब्रिस्तान में घास ने पकड़ी आग
शुक्रवार शाम करीब 6.42 पर जैन स्कूल के पीछे स्थित बोहरा समाज के कब्रिस्तान में रखी घास ने एकाएक आग पकड़ ली। तेजी से फैली आग से रहवासी क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया। फायर ब्रिगेड ने पहुंच आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि समय पर अगर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना घट सकती थी।
डीपी भभकी, राहगीर सकते में
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे गोशाला रोड स्थित एक डीपी में चिंगारी से हुए फॉल्ट के बाद तेजी से आग भभक गई। आग की लपटें बढ़ने से राहगीर सकते में आ गए। स्थानीय रहवासियों की सूचना पर मौके पर बिजली कंपनी सहित फायर ब्रिगेड का अमला पहुंचा। बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने कनेक्शन विच्छेद किया, इसके बाद एक फायर लॉरी से आग पर काबू पाया गया।
निगम के स्टोर के समीप आग
शुक्रवार दोपहर करीब 12.50 पर नगर निगम परिसर स्थित स्टोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। निगम कर्मियों के अनुसार ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। करीब चार दिन पूर्व निगम के समीप पेट्रोल पम्प के सामने कचरे में आग लगने पर भी बड़ी घटना टली थी। शुक्रवार को स्टोर में आग लगने से कई सवाल उठ रहे हैं।