रतलाम। शहर की गड़बड़ाई सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए निगम प्रशासन ने चार महीने में 227 सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई की, वार्ड बदलकर नई तैनाती के साथ कर्मचारियों का भौतिक सत्यापन भी किया, लेकिन हालात पहले जैसे ही हैं। यहां तक कि कई वार्डों, गलियों में तो कचरा उठाया ही नहीं जा रहा है।
वार्डों में सफाई कर्मचारियों की नए सिरे से की गई तैनाती कर्मचारियों को रास नहीं आ रही है। लापरवाही और कार्यस्थल से गायब रहने के चलते निगमायुक्त सोमनाथ झारिया ने एक जनवरी से अभी तक 227 सफाईकर्मियों पर कार्रवाई की है, इसमें 29 को बर्खास्त तो 8 कर्मचारी निलंबित किए गए जबिक 190 को शोकॉज नोटिस दिए गए।
1083 सफाईकर्मियों का अमला और कचरा उठाने के लिए पर्याप्त साधन होने के बाद भी शहर के प्रमुख चौराहों पर भी गदंगी पसरी रहती है। वार्ड पार्षद सफाई नहीं होने के कारण जनता के आक्रोश का शिकार हो रहे हैं। निर्धारित संख्या के बाद भी वार्डों में सफाई अमला नजर नहीं आता है।
समस्या कुछ ऐसी
शहर के घासबाजार, मित्र निवास रोड से लोकेंद्र भवन मार्ग, सैलाना बस स्टैंड, कॉलेज रोड, चौमुखीपुल, त्रिपोलिया गेट, अलकापुरी सहित अन्य प्रमुख मार्गों व चौराहों पर दिन भर कचरा जमा रहता है। निगम का अमला यहां पड़े कंटनेर में भरा कचरा उठाता है लेकिन सड़कों पर बिखरी गंदगी पर किसी का ध्यान नहीं है। नाहरपुरा गली नंबर तीन में तो पिछले एक सप्ताह से कचरा नहीं उठाया गया। यहां नालियां जाम हो गई तो गंदगी व बदबू के कारण क्षेत्र के रहवासी, व्यापारी परेशान हो रहे हैं।
एसबीआई की महिला कर्मचारियों ने थामी झाड़ू
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की महिला कर्मचारियों ने शुक्रवार को मित्र निवास रोड स्थित मुख्य शाखा के बाहर सफाई अभियान चलाया। शाम को लगभग पौन घंटे चले सफाई अभियान में पूरा बैंक परिसर साफ कर कचरा उठवाया गया। सफाई अभियान में बैंककर्मी सुरेखा विजयवर्गीय, श्वेता महिपुरकर, संगीता लोथकर, अदिता स्टीफन, जीवनलता सायमन, अर्पिता परिहार, नम्रता शुक्ला, दिव्या तिवारी, निकिता पोरवाल, कृष्णा राजोरिया आदि शामिल हुए।
कर्मचारियों पर एक नजर
कर्मचारी संख्या
जोन 04
वार्ड 49
नियमित 221
दैवेभो 197
बदली 470
एमआईसी से स्वीकृत 195
कुल कर्मचारी 1083
कार्रवाई जारी रहेगी
शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कर्मचारियों की नए सिरे से तैनाती के बाद उनकी उपस्थिति तय करने की दिशा में काम किया जा रहा है। जो नहीं काम कर रहे हैं उन्हें नोटिस देने के साथ निलंबन की कार्रवाई भी की गई है। कुछ समय में व्यवस्था और बेहतर हो जाएगी।
– सोमनाथ झारिया, आयुक्त, नगर निगम रतलाम