राज्य शासन ने सोमनाथ झारिया का तबादला निरस्त कर दिया। नगर निगम में चार दिन तक चले नाटकीय घटनाक्रम का आखिर अंत हो गया। उनके स्थान पर भेजे गए पी.एस.बुंदेला को अब उज्जैन विकास प्राधिकरण का सीइओ बना दिया गया है।

बुधवार को राज्य शासन ने 7 अधिकारियों के संशोधित आदेश जारी किए। नए आदेश के तहत झारिया की नगर निगम इंदौर में उपायुक्त पद की नियुक्ति संशोधित कर दी गई। उन्हें पुन: रतलाम नगर निगम आयुक्त पद पर पदस्थापना दी गई। रतलाम में पदस्थ किए पी.एस. बुंदेला उज्जैन विकास प्राधिकरण में सीईओ बनाए गए हंै।

बुधवार को पीएस बुंदेला को बतौर आयुक्त ज्वाइन कराना था। महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने उन्हें शाम 4 बजे का समय दिया था। शाम 4 बजे उन्होंने बुंदेला का कॉल ही अटेंड नहीं किया। कलेक्टर बी.चंद्रशेखर ने भी मोबाइल रिसीव नहीं किया। हालांकि बुधवार को वे शहर से बाहर थे। शाम होते-होते नगरीय प्रशासन संचालनालय से संशोधित आदेश जारी हो गए।

संशोधित आदेश जारी होने के बाद नगर निगम के कुछ अधिकारी-कर्मचारी सोमनाथ झारिया के निवास पर पहुंचे और उन्हें मालाएं पहना दीं। स्थानांतरण की कैबिनेट मंजूरी के बाद पीएस बुंदेला की पदस्थापना को नगरीय प्रशासन संचालनालय से फुटबॉल बना दिया है। 19 मई को उनका गुना सीएमओ से दतिया जिले के बडौनी नगर परिषद सीएमओ पद पर स्थानांतरण किया गया। 23 मई को आदेश में संशोधन कर बुंदेला को रतलाम निगम आयुक्त बनाया गया। 24 मई को रतलाम पहुंचने पर चार दिन तक उन्हें चार्ज नहीं मिला। बुधवार के आदेश में उन्हें यूडीए सीईओ बना दिया गया।

By parshv