मुंबई. खबर है कि बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह ने बांद्रा, मुंबई स्थित पेरेंट्स का घर छोड़ दिया है और अब गोरेगांव में रह रहे हैं। गोरेगांव के जिस घर में वे रह रहे हैं, वह उन्होंने खुद खरीदा है। बताया जा रहा है कि यह सब उन्हें डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के कारण करना पड़ा।
कहा जा रहा है कि हाल ही में रणवीर की कंधे की सर्जरी हुई है और डॉक्टर्स ने उन्हें सलाह दी है कि धीरे चलें और फिलहाल एक्शन सीन्स न करें। हालांकि, शेड्यूल में देरी से बचने के लिए वे जल्दी ही शूटिंग शुरू कर देंगे। रणवीर 12 घंटे फिल्म की शूटिंग करेंगे और 4 घंटे फिजियोथेरेपी में लगाएंगे। उन्हें यह सब मैनेज करने में दिक्कत लग रही थी।
बांद्रा स्थित रणवीर के घर से गोरेगांव फिल्म सिटी की दूरी करीब 20 किमी. है, लेकिन भारी बारिश और ट्रैफिक की वजह से यह दूरी तय करने में उन्हें करीब डेढ़ घंटे का समय लगेगा। इसलिए उन्होंने गोरेगांव में ही घर ले लिया, जहां से फिल्म सिटी की दूरी मात्र 5 मिनट की है।
बता दें कि ‘बाजीराव मस्तानी’ में रणवीर के अलावा दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा भी अहम रोल में होंगी। हाल ही में संजय लीला भंसाली ने इसकी रिलीज दिसंबर 2015 से बढ़ाकर जनवरी 2016 कर दी है।