जम्मू। जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने आज एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। जम्मू के पर्गवाल सेक्टर समेत 12 पोस्टों पर हुई फायरिंग का सीमा सुरक्षा बल ने करारा जवाब दिया।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 5:40 बजे पाकिस्तानी रेंजर्स ने बिना किसी उकसावे के अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जो सुबह आठ बजे तक चलती रही। इस दौरान बीएसएफ के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। वहीं दूसरी ओर कानाचक में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया।

इससे पहले सोमवार को भी पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा व अंतरराष्ट्रीय सीमार पर चार स्थानों पर सीजफायर का उल्लंघन किया था। जुलाई माह में सीमा पर पाकिस्तान ने 20 से ज्यादा बार सीजफायर का उल्लंघन किया है जिसमें तीन जवान शहीद और 14 जवान घायल हुए हैं।

उधर, पाकिस्तान के मलिर जिले से रिहा किए गए 163 भारतीय मछुआरे आज अमृतसर से लगी वाघा सीमा पर पहुंच गए हैं। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ये सभी भारत में प्रवेश कर जाएंगे। इन भारतीय मछुआरों को हाल ही में पाकिस्तान ने रिहा करने का फैसला किया था।

By parshv